प्राइम वीडियो ने आज अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल फिल्म बबीता सिंह रिपोर्टिंग के वर्ल्डवाइड प्रीमियर की तारीख की घोषणा की। इस रोमांचक इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा का निर्देशन अंबीएका पंडित ने और लेखन अमिता व्यास ने किया है। फिल्म का निर्माण फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शंस ने एक्ट थ्री के साथ मिलकर सौरभ मल्होत्रा, मनुज मित्तरा और टीना थरवानी ने किया है।
फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुदीप शर्मा हैं और फिल्म में निमिषा सयाजन , बरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। बबीता सिंह रिपोर्टिंग का प्रीमियर 28 अगस्त को होगा। यह फिल्म हिंदी में (अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ) सिर्फ प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी।
एक छोटे से भारतीय शहर की पृष्ठभूमि पर बनी बबीता सिंह रिपोर्टिंग की कहानी निलंबित पुलिस अधिकारी बबीता की है, जिन्हें प्यार से बेबी कहा जाता है (यह भूमिका निमिषा सयाजन ने निभाई है)। वह एक ऐसी पुलिसकर्मी हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा दूसरों को खुश रखने और उनकी जरूरतों को खुद से पहले रखने में बिताया है।
बचपन के एक दोस्त की हत्या से बेबी पूरी तरह टूट जाती हैं। इसके बाद वह सच्चाई का पता लगाने निकल पड़ती हैं और इस सफर में उन्हें खुद को समझने का एक अनोखा मौका मिलता है। हत्या की जांच की पृष्ठभूमि पर बनी यह इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा फिल्म वास्तविकता, बहुआयामी किरदारों और जटिल पारिवारिक रिश्तों को सामने लाती है। यह एक ऐसी महिला की भावनात्मक और सच्ची कहानी है, जो अपनी जिंदगी को बदलने वाले फैसलों का सामना करती है।
प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स के निदेशक और प्रमुख निखिल माधोक ने कहा- प्राइम वीडियो में हम हमेशा ऐसी कहानियों को सामने लाने की कोशिश करते हैं, जो अलग, सच्ची और भावनाओं से जुड़ी हों। बबीता सिंह रिपोर्टिंग इसी सोच का एक बेहतरीन उदाहरण है। “यह फिल्म मूल रूप से एक बेहद मानवीय कहानी है, जो सच्चाई की तलाश और एक ऐसी महिला की अपनी बात कहने के हक़ को फिर से पाने की यात्रा को दर्शाती है, जो दुख, रिश्तों और जिंदगी की जटिलताओं के बीच अपना रास्ता तलाशती है।
बबीता सिंह रिपोर्टिंग के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुदीप शर्मा ने कहा, “फिल्म की कहानी एक अपराध के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन असल में यह एक ऐसी महिला की निजी यात्रा के बारे में है, जिसने हमेशा खुद को दूसरों के हिसाब से ढाला, दूसरों से मंज़ूरी चाही और अपनी ही जिंदगी में हमेशा पीछे रही। निमिषा सयाजन ने इस किरदार को बेहद संवेदनशीलता और मजबूती के साथ जीवंत किया है, वहीं बरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर ने भी कहानी और इसके किरदारों में गहराई जोड़ी है।