Panchayat Season 5: प्राइम वीडियो ने अपने पॉपुलर शो ‘पंचायत’ के प्रशंसकों को इसके भविष्य को लेकर सोचने पर मजबूर कर दिया है। प्लेटफॉर्म की ओर से साझा किए गए एक पोस्ट ने दर्शकों के बीच अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। अब हर किसी के मन में यही सवाल है कि क्या दर्शकों का पसंदीदा शो एक और सीज़न के साथ वापसी करेगा या नहीं?
यह पूरा घटनाक्रम सीजन 4 की कहानी के बाद सामने आया है, जिसमें प्रधान जी (रघुबीर यादव) और मंजू देवी (नीना गुप्ता) को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी और फुलेरा में नए प्रधान का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद क्रांति देवी (सुनीता राजवर) ने नई प्रधान के रूप में जिम्मेदारी संभाली और उनके पति भूषण शर्मा, जिन्हें बनराकस (दुर्गेश कुमार) के नाम से भी जाना जाता है, उनके साथ खड़े नजर आए।
सत्ता के नए समीकरणों के बीच अब ऐसा लग रहा है कि फुलेरा में बनराकस का राज चलने वाला है और गांव में अब उन्हीं के नियम-कायदे लागू होंगे! सीजन 5 को लेकर प्राइम वीडियो के इस नए कदम ने निश्चित रूप से दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब फैंस यह जानने के लिए बेताब हैं कि आखिर ‘पंचायत’ के भविष्य में क्या होने वाला है। क्या फुलेरा की यह दिलचस्प कहानी यहीं खत्म होने जा रही है या फिर बनराकस का राज गांव में एक नए चैप्टर की शुरुआत करने वाला है?
'पंचायत' 3 अप्रैल 2020 को रिलीज हुई था, जिसके बाद 18 मई 2022 को इसका दूसरा सीजन आया। फिर 28 मई 2024 को टेलीविजन पर तीसरा सीजन रिलीज हुआ। 24 जून 2025 को रिलीज हुए चौथे सीजन ने समय के अंतर को कुछ हद तक कम कर दिया और भारत के साथ-साथ अन्य जगहों पर भी व्यूअरशिप के रिकॉर्ड तोड़ दिए।