यूथ के बीच बेहद लोकप्रिय हो चुके कॉमेडियन सामय रैना ने हाल ही में अपने अनोखे रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन (India’s Got Latent Season 2) की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद से ही फैंस के बीच शो को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। लेकिन इसी बीच इंटरनेट पर शो के सेट से एक ऐसी तस्वीर लीक हो गई है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस वायरल फोटो में बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस आलिया भट्ट और उभरती हुई स्टार शर्वरी वाघ नजर आ रही हैं, जिसके बाद से ही कयासों का बाजार गर्म हो गया है।
सेट से लीक हुई तस्वीर में क्या है खास?
इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही इस धुंधली तस्वीर में आलिया भट्ट बेहद कैजुअल लुक में नजर आ रही हैं। उन्होंने सिर पर एक ब्लैक कैप और ग्रे कलर की टी-शर्ट पहनी हुई है और उनके हाथ में एक माइक्रोफोन दिखाई दे रहा है। आलिया के ठीक बगल में उनकी आगामी फिल्म अल्फा' की को-स्टार शर्वरी वाघ भी बैठी हुई हैं। इन दोनों के अलावा, स्टैंड-अप कॉमेडी की दुनिया के जाने-माने चेहरे आशीष सोलंकी और बलराज घई भी बतौर मेहमान इस पैनल का हिस्सा बने नजर आ रहे हैं।
फिल्म 'अल्फा' के प्रमोशन से जोड़ रहे हैं फैंस
तस्वीर सामने आने के बाद से ही फैंस और नेटिजन्स यह दावा कर रहे हैं कि दोनों अभिनेत्रियां सामय रैना के इस टैलेंट शो में अपनी आने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अल्फा' को प्रमोट करने पहुंची थीं। आपको बता दें कि 'अल्फा' यशराज फिल्म्स (YRF) के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला केंद्रित (Female-led) एक्शन फिल्म है, जिसका निर्देशन शिव रवैल कर रहे हैं। इस फिल्म में आलिया और शर्वरी के साथ अनिल कपूर और बॉबी देओल भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं और यह फिल्म इसी साल 10 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।
जहां एक तरफ सामय रैना और 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के फैंस आलिया भट्ट जैसी बड़ी स्टार को इस मंच पर देखकर बेहद रोमांचित हैं, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया का एक धड़ा इस बात से थोड़ा निराश भी नजर आ रहा है। कुछ यूजर्स का मानना है कि यह शो अब धीरे-धीरे मुख्यधारा की बॉलीवुड फिल्मों के पारंपरिक प्रमोशन और पीआर एक्टिविटी का जरिया बनता जा रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "आलिया और शर्वरी का मतलब है कि YRF अब अपनी फिल्म अल्फा का प्रमोशन यहां भी कर रहा है।" वहीं एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "तो क्या अब लेटेंट अपनी इमेज को साफ करने और बड़ी रीच पाने का नया पीआर टूल बन गया है?"
आधिकारिक पुष्टि का अभी भी इंतजार
हालांकि, इस लीक हुई तस्वीर ने इंटरनेट पर जबरदस्त हलचल पैदा कर दी है, लेकिन शो के मेकर्स या अभिनेत्रियों की तरफ से इस एपिसोड को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पिछले साल पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के साथ हुए विवादों और कई कानूनी अड़चनों के बाद, सामय रैना का यह शो एक बार फिर नए सीजन के साथ धमाकेदार वापसी के लिए तैयार है।