टीवी सीरियल 'अनुपमा' की कहानी इन दिनों एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। शो के ताजा घटनाक्रम ने दर्शकों को झकझोर कर रख दिया है। जिस प्रेम को अनुपमा ने अपने बेटे की तरह स्नेह दिया और जिसके सपनों को अपना माना, उसी प्रेम ने अब अनुपमा का साथ छोड़ दिया है। केवल साथ ही नहीं छोड़ा, बल्कि खुद को 'लूजर' बताते हुए अपनी बर्बादी का ज़िम्मेदार भी अनुपमा को ही ठहरा दिया है।
टूटे सपने और भावनाओं का सैलाब
अनुपमा के लेटेस्ट एपिसोड में दिखाया गया कि प्रेम का अपने रेस्टोरेंट को लेकर जो सपना था, वह चकनाचूर हो गया है। प्रेम ने भारी मन से अनुपमा को अपने रेस्टोरेंट में बुलाया। जहा खुशिया होनी चाहिए थीं, वहां सन्नाटा पसरा था। प्रेम ने बेहद भावुक होकर कहा कि आज उसके जीवन का सबसे बड़ा दिन होना चाहिए था, लेकिन वह अकेला खड़ा है। उसने रोते हुए खुद को एक 'हारा हुआ इंसान' घोषित कर दिया।
अनुपमा की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। परिवार के अन्य सदस्य जैसे गौतम और वसुंधरा ने भी इस स्थिति के लिए अनुपमा को ही कठघरे में खड़ा किया। वसुंधरा ने तो यहां तक चेतावनी दे दी कि अगर प्रेम को कुछ भी हुआ, तो वह अनुपमा और राही को कभी माफ नहीं करेगी। वहीं, प्रेरणा ने भी अनुपमा पर अपनी भड़ास निकाली। प्रेरणा का मानना है कि अनुपमा की एक रिपोर्ट की वजह से उसका और प्रेम का भविष्य अंधकार में चला गया है। गुस्से में आकर प्रेरणा ने भी अनुपमा से अपना हर रिश्ता तोड़ लिया और उसे रेस्टोरेंट से बाहर जाने को कह दिया।
इस मुश्किल घड़ी में जहां पूरी दुनिया प्रेम के खिलाफ थी, वहीं राही ने उसका हाथ थाम लिया है। राही ने प्रेम को हिम्मत देते हुए वादा किया कि वह हर कदम पर उसके साथ खड़ी है। अनुपमा के लिए यह देखना बेहद दर्दनाक था कि उसके अपने ही उसे गलत समझ रहे हैं, जबकि उसने सिर्फ वही किया जो नैतिक रूप से सही था।
कहानी में अब एक नया मोड़ आने वाला है। जहां एक तरफ प्रेम और प्रेरणा ने अनु का साथ छोड़ दिया है, वहीं अनुपमा ने हार न मानने का फैसला किया है। आने वाले एपिसोड में अनुपमा और दिग्विजय को एक 'फूड कार्निवल' के बारे में पता चलेगा, जिसमें हिस्सा लेकर अनुपमा एक बार फिर खुद को साबित करने की कोशिश करेगी।