Ramayana Part 1: प्राइम फोकस स्टूडियोज़ ने घोषणा की है कि निर्माता नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ का भारत के बाहर दुनियाभर में वितरण अब सोनी पिक्चर्स करेगी। यह फिल्म दुनिया की सबसे प्राचीन और प्रभावशाली महाकाव्य कथाओं में से एक रामायण पर आधारित एक भव्य सिनेमाई वर्जन है।
यह फैंटेसी एक्शन-एडवेंचर फिल्म प्राइम फोकस स्टूडियोज के नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस की है, जो आठ बार ऑस्कर जीत चुकी विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डीएनईजी के ग्लोबल सीईओ भी हैं। फिल्म में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और संगीत ऑस्कर विजेता हैंस ज़िमर और ए.आर. रहमान ने दिया है।
निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म में दुनिया की बेहतरीन फिल्म निर्माण टीम शामिल है। फिल्म का संगीत हैंस ज़िमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। एक्शन की जिम्मेदारी टेरी नोटरी और गाय नॉरिस ने संभाली है, जबकि प्रोडक्शन डिजाइन रामसे एवरी और रवि बंसल ने किया है। इसके साथ ही दुनिया भर के हजारों कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों ने इस फिल्म पर काम किया है।
इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने प्राइम फोकस स्टूडियोज़ के बैनर तले किया है। उनके नेतृत्व में डीएनईजी ने ड्यून, ड्यून: पार्ट टू, ब्लेड रनर 2049, इंटरस्टेलर, इंसेप्शन, एक्स मशीना, फर्स्ट मैन और टेनेट जैसी फिल्मों में शानदार विजुअल इफेक्ट्स देकर वैश्विक पहचान बनाई है। फिलहाल कंपनी ड्यून: पार्ट थ्री और क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ जैसी फिल्मों पर भी काम कर रही है।
नमित ने कहा कि “पीढ़ियों से ‘रामायण’ अपने मानवीय मूल्यों और प्रेरणादायक संदेश के जरिए लोगों को प्रेरित करती आई है। हमारी कोशिश हमेशा रही है कि इस विरासत का सम्मान करते हुए इसे दुनिया भर के दर्शकों के लिए एक भव्य सिनेमाई अनुभव बनाया जाए। डीएनईजी के जरिए हमने कई दशकों तक दुनिया के बड़े फिल्मकारों के सपनों को साकार करने में योगदान दिया है। अब प्राइम फोकस स्टूडियोज़ के साथ हम उसी समर्पण के साथ दुनिया के सबसे महान महाकाव्यों में से एक ‘रामायण’ को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं। सोनी पिक्चर्स के साथ यह साझेदारी हमें दुनिया भर के दर्शकों तक इस कालजयी कहानी को पहुंचाने का शानदार अवसर देती है।”