Kriti Sanon: हाल ही में कृति सैनन को ट्रोलर्स ने निशाना बनाया और एक ज्वैलरी ब्रांड के लिए उनके रक्षा बंधन विज्ञापन के वायरल होने के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अभिनेत्री के पहनावे पर विवाद खड़ा हो गया और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके इंडो-वेस्टर्न परिधान पर आपत्ति जताई। इस विज्ञापन ने संस्कृति और परंपरा को लेकर एक व्यापक बहस छेड़ दी कि क्या किसी अभिनेत्री द्वारा इस तरह के पहनावे का चुनाव एक पारंपरिक भारतीय त्योहार के लिए उपयुक्त है।
हाल ही में, प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने इस विवाद पर अपनी राय व्यक्त की। मुंबई में आयोजित 'वुमेन बिल्डिंग सिनेमा टुगेदर' कार्यक्रम में इस बहस के बारे में बात करते हुए मधु ने कहा, "मेरा शरीर, मेरी पसंद सही है, लेकिन वो सीमाएं जरूरी हैं। गरिमा और दूसरों के मूल्यों का सम्मान करना महत्वपूर्ण है। अब ये चीजें ऐसी जगह कर सकते हैं जहां पर ये सामान्य है। ये यहां सामान्य नहीं है। मुझे यह कहते हुए खेद है।"
मधु के कमेंट सोशल मीडिया पर चल रही उस बहस के बीच आई हैं, जिसमें त्योहारों और पारंपरिक अवसरों के दौरान महिलाओं से अपेक्षित पहनावे को लेकर चर्चा हो रही है।
GIVA का विज्ञापन हटाया गया
आलोचना के बाद ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने अपना विज्ञापन हटा लिया। ब्रांड ने विवाद पर बयान जारी करते हुए साफ किया कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। बयान में कहा गया, "हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं। एक ब्रांड के तौर पर, हम हमेशा पूरे परिवार के साथ इन खुशियों भरे पलों को मनाने में विश्वास रखते हैं, और इस बार हम उस प्यार और जश्न को अपने पालतू जानवरों तक भी पहुंचाना चाहते थे।
"अगर हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के कुछ वर्गों की भावनाएं आहत हुई हैं तो ऐसा करना हमारा मकसद कभी नहीं था। सम्मान के तौर पर, हमने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से विज्ञापन हटा लिया है। इस त्योहार के मौसम में आप सभी को ढेर सारा प्यार और सकारात्मकता!"
विज्ञापन में कृति इंडो-वेस्टर्न कपड़ों में नज़र आईं, जिसमें ब्रैलेट-स्टाइल ब्लाउज़, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल थी। उन्हें अपने ऑन-स्क्रीन भाई और अपने पालतू कुत्ते को राखी बांधते हुए दिखाया गया था।
कृति सेनन ने अपना बचाव किया
विज्ञापन को लेकर आलोचना का सामना करने के बाद, कृति ने अपने कपड़ों के चुनाव और कैंपेन के मैसेज का बचाव किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर लिखा, "सोचिए, कोई दूसरी महिला क्या पहनती है, इससे किसी को इतनी परेशानी कैसे हो सकती है। सम्मान के साथ कहती हूँ, अपनी सोच बदलिए। PS: राखी मैंने ही बांधी थी, और अगर मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है, तो आपको क्यों है? त्योहारों का असली मतलब आपके कपड़ों में नहीं, बल्कि परंपराओं से जुड़ी भावनाओं और उनके अर्थ में होता है।"
कृति ने आगे कहा, "रक्षाबंधन सुरक्षा का बंधन है। मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की उतनी ही सुरक्षा कर सकते हैं जितनी एक भाई करता है। हम एक-दूसरे की सेहत, खुशी और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करते हैं। हमारे लिए, यह प्रार्थना और वादा हमारे कुत्तों के लिए भी है। आखिर, वे भी तो परिवार का हिस्सा हैं!"
उन्होंने आगे लिखा, "साथ ही, हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? एथनिक फ़ैशन में सालों में बहुत बदलाव आया है, फिर भी एक महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से ही आंका जाता है। संस्कृति और परंपराएँ दिल में होती हैं, नेकलाइन में नहीं!"