Priyanka Chopra: 'बॉलीवुड में मेरा कोई गॉडफादर नहीं था', प्रियंका चोपड़ा ने बताया कैसे तय किया मिस वर्ल्ड से ग्लोबल स्टार तक का सफर

Priyanka Chopra: प्रियंका चोपड़ा जोनस ने साझा किया कि बॉलीवुड में उनका कोई फिल्मी बैकग्राउंड या गॉडफादर नहीं था, इसलिए उन्हें हर कदम पर खुद को साबित करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता पाने के लिए सम्मान मांगना नहीं बल्कि कड़ी मेहनत से उसे कमाना पड़ता है।

अपडेटेड Apr 30, 2026 पर 3:27 PM
Story continues below Advertisement

आज प्रियंका चोपड़ा जोनस का नाम दुनिया के उन चुनिंदा कलाकारों में शुमार है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी एक खास पहचान बनाई है। लेकिन यह सफलता उन्हें रातों-रात नहीं मिली। हाल ही में एक इंटरव्यू में प्रियंका ने अपने करियर के शुरुआती संघर्षों और फिल्म इंडस्ट्री के कड़वे अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि उन्हें अपनी जगह बनाने के लिए कितनी मेहनत करनी पड़ी।

"बिना किसी सहारे के खुद को साबित करना था"

वोग अरेबिया को दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका ने बेबाकी से स्वीकार किया कि जब उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था, तब उनके पास कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था। उन्होंने कहा, "मैं एक ऐसी इंसान हूं जो चुनौतियों का सामना करना जानती है। मैंने हमेशा खुद से प्रतिस्पर्धा की है। चाहे पेजेंट की दुनिया हो या सिनेमा, मेरा कोई फिल्मी रिश्तेदार नहीं था जो इस बिजनेस में मेरी मदद करता। मुझे सब कुछ बहुत जल्दी और खुद ही सीखना था।"

प्रियंका ने इस बात पर जोर दिया कि इंडस्ट्री में बाहरी होने के कारण उन्हें पता था कि कोई भी उनके लिए रास्ता आसान नहीं बनाएगा। उन्हें हर मोड़ पर अपनी काबिलियत साबित करनी थी।


डांस क्लास से लेकर अपमानित होने तक का किस्सा

संघर्ष के दिनों को याद करते हुए प्रियंका ने एक दिलचस्प और थोड़ा भावुक कर देने वाला किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह एक "बेहद खराब डांसर" थीं। अपनी उम्र के 19-20 साल के पड़ाव पर उनके लिए एक्टिंग, कोरियोग्राफी और को-स्टार के साथ तालमेल बिठाना बहुत मुश्किल होता था।

उन्होंने बताया, "मैं दक्षिण अफ्रीका में राजू खान के साथ शूटिंग कर रही थी और बार-बार अपने स्टेप्स भूल रही थी। वे मुझ पर इतने नाराज हुए कि उन्होंने माइक नीचे पटक दिया और कहा- 'भले ही तुम पेजेंट से आई हो, लेकिन एक्ट्रेस बनने से पहले डांस करना सीखो।' उस समय मुझे सबके सामने बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई थी।" हालांकि, प्रियंका ने हार नहीं मानी और आज वह राजू खान के साथ बेहतरीन दोस्त हैं।

हॉलीवुड में 'जीरो' से शुरुआत करने पर क्या कहा?

जब प्रियंका ने भारत में अपार सफलता पाने के बाद हॉलीवुड का रुख किया, तो कई लोगों को हैरानी हुई। इस पर बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि उन्होंने कभी यह उम्मीद नहीं की थी कि भारत की सुपरस्टार होने के नाते उन्हें वहां भी पलक-पावड़े बिछाकर ट्रीट किया जाएगा। उनका मानना है, "सिर्फ इसलिए कि आप एक देश में मशहूर हैं, इसका मतलब यह नहीं कि आप दूसरे देश में भी उसी सम्मान के हकदार हैं। आपको दुनिया में कहीं भी अपनी ऑडियंस कमानी पड़ती है। सम्मान और प्यार मांगकर नहीं, बल्कि मेहनत से कमाया जाता है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।