Raghav Juyal: राघव जुयाल ने मुंबई में एक शानदार लेकिन प्राइवेट बर्थडे पार्टी रखी थी, जिसमें कई मेहमानों के साथ शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान भी शामिल हुए। हालांकि, जल्द ही सोशल मीडिया पर एक्टर की पार्टी में मची अफरातफरी के वीडियो सामने आए। सेल्फी के लिए आर्यन को लोगों की भीड़ से घिरने से लेकर भीड़ में फंसी शहनाज को राघव द्वारा बाहर निकालने तक, कई लोगों के लिए एक्टर की यह पार्टी बिल्कुल भी मजेदार नहीं रही। अब इस अफरातफरी के पीछे की वजहें सामने आ रही हैं।
फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक, राघव जुयाल ने एक शानदार लेकिन प्राइवेट बर्थडे पार्टी प्लान की थी और अपने करीबी दोस्तों को बुलाया था, जिनमें शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और उनके को-स्टार बॉबी देओल शामिल थे। उन्होंने सेलिब्रेशन के लिए बांद्रा में एक फाइन-डाइनिंग रेस्टोरेंट बुक किया था।
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन राघव जुयाल के एक फैसले ने कथित तौर पर सब कुछ बदल दिया और एक हाई-प्रोफाइल पार्टी को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। वहां सेलेब्रिटीज़ को भीड़ ने घेर लिया और माहौल दमघोंटू हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, एक नेता के करीबी लोगों की तरफ से राघव से गुजारिश की गई कि राघव का जन्मदिन और उस नेता का जन्मदिन एक ही दिन है, इसलिए उन्हें एक साथ पार्टी करनी चाहिए। राघव इसके लिए मान गए, और कहा जाता है कि यही फैसला उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुआ।
खबरों के मुताबिक, अलग-अलग ग्रुप्स के मेहमानों को दो अलग-अलग तरह के इनविटेशन भेजे गए थे, जिसकी वजह से कई अजीब हालात पैदा हुए। जहां जुयाल के कुछ मेहमान - जिनमें से कई लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं - चुपचाप पार्टी में आने की कोशिश कर रहे थे, वहीं दूसरे कई मेहमान सेलेब्रिटीज के साथ सेल्फी लेने के लिए बेताब थे।
सेलिब्रेशन शुरू होने के कुछ ही मिनटों के अंदर, आर्यन खान और बॉबी देओल एक अजीब स्थिति में फंस गए। उनके आस-पास फोटो खिंचवाने के इच्छुक फैंस और मेहमानों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद से हालात बिगड़ते चले गए।
जो पार्टी एक छोटी-सी और निजी महफिल होनी चाहिए थी, वह जल्द ही अफरातफरी में बदल गई। सोशल साइट्स पर एक्टिव लोग, राजनीतिक जान-पहचान वाले और यहां तक कि बिना बुलाए आए लोग भी जुयाल के सेलेब्रिटी मेहमानों की एक झलक पाने की उम्मीद में वेन्यू पर जमा हो गए। सीढ़ियों और रास्तों पर भीड़ हो गई। लोग प्रतिबंधित इलाकों में घुसने और सेल्फी के लिए लाइन लगाने की कोशिश करने लगे।
'फ्री प्रेस जर्नल' के अनुसार, राघव जुयाल की पार्टी में आए एक सेलेब्रिटी मेहमान ने इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हमने ऐसी पार्टी की उम्मीद नहीं की थी। यार, राघव एक अच्छा इंसान है और उसके साथ समय बिताना आमतौर पर अच्छा लगता है। लेकिन, यह पार्टी बिल्कुल भी मजेदार नहीं थी।"