Bhai Tera Star Hai Trailer Out: टीजर से दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के बाद अब 'भाई तेरा स्टार है' के मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में दर्शकों को अजय सिंह की मजेदार, अतरंगी और पूरी तरह मनोरंजन से भरपूर दुनिया की झलक देखने को मिलती है। 'किल' और 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में अपने दमदार अभिनय से खूब तारीफें बटोरने के बाद राघव जुयाल अब एक बिल्कुल नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। इस बार वह एक फुल-ऑन कॉमिक एंटरटेनर के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।
ट्रेलर एक मजेदार सफर की झलक दिखाता है, जहां बड़े सपने, बेतहाशा अफरा-तफरी और अनगिनत हास्यास्पद घटनाएं मिलकर हंसी से भरपूर मनोरंजन का तड़का लगाती हैं। दमदार परफॉर्मेंस, मजेदार किरदार और भरपूर ड्रामा इसे एक शानदार फैमिली एंटरटेनर बनाते हैं।
ट्रेलर की शुरुआत एक दिलचस्प लाइन से होती है, "एक एक्टर का सबसे बड़ा टैलेंट होता है अपनी ही बकवास पर यकीन करना।" इसी के साथ फिल्म पहले ही फ्रेम से बड़े-बड़े ड्रामे, ओवर-द-टॉप मोमेंट्स और भरपूर कॉमेडी का माहौल बना देती है। 'भाई तेरा स्टार है' एक ऐसी फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें कॉमेडी, ड्रामा और लगातार हंसाने वाले पल देखने को मिलेंगे।
फिल्म में राघव जुयाल अपनी शानदार स्क्रीन प्रेजेंस और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से पूरी तरह छा जाते हैं। वहीं संजय कपूर, निहारिका एनएम, बरखा सिंह, चंदन रॉय सान्याल और पूरी स्टारकास्ट अपने मज़ेदार अंदाज़ से फिल्म की कॉमेडी और मनोरंजन को कई गुना बढ़ा देते हैं।
ट्रेलर के बारे में बात करते हुए राघव जुयाल ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी। मैं बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं कि सभी लोग अजय सिंह से मिलें। वह एक ऐसा किरदार है जो नाटकीय है, अप्रत्याशित है, बेझिझक है, पूरी तरह ओवर-द-टॉप है और बेहद मनोरंजक भी। इस किरदार को निभाने में मुझे बहुत मज़ा आया और मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को भी फिल्म देखते समय उतना ही आनंद आएगा, जितना हमें इसे बनाते समय आया।"
निर्देशक विवेक बी. अग्रवाल ने कहा, "'भाई तेरा स्टार है' पूरी तरह मनोरंजन का जश्न है। यह फिल्म खुद को जरूरत से ज़्यादा गंभीरता से नहीं लेती और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। इसमें मजेदार किरदार, अप्रत्याशित मोड़ और लगातार मनोरंजन देखने को मिलेगा। राघव ने अजय सिंह के किरदार को अपनी शानदार ऊर्जा और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से जीवंत बना दिया है। हमें बेहद खुशी है कि आज ट्रेलर दर्शकों के सामने है और अब हम सभी को सिनेमाघरों में फिल्म का आनंद लेते देखने का इंतजार है।"
ईस्टवुड पिक्चर्स प्रस्तुत 'भाई तेरा स्टार है' ईस्टवुड पिक्चर्स और इंडियन स्टोरीज 2 की प्रस्तुति है। फिल्म का निर्देशन विवेक बी. अग्रवाल ने किया है। इसकी कहानी सुदीप्तो सरकार और विवेक बी. अग्रवाल ने लिखी है, जबकि फिल्म का निर्माण अवंतिका हरि, सुनील रुपानी और विवेक बी. अग्रवाल ने किया है। 'भाई तेरा स्टार है' 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।