संजय दत्त के जीवन पर आधारित फिल्म 'संजू' में उनका किरदार रणबीर कपूर ने निभाया था। फिल्म में संजय दत्त के जीवन के कई अहम पड़ाव दिखाए गए है। साल 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं हाल ही में फिल्म निर्देशक राजकुमार हिरानी ने रणबीर कपूर की मेहनत को एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म संजू की शूटिंग के दौरान रणबीर को संजय दत्त जैसा लुक देने में 4 से 5 घंटे का मेकअप लगता था। इसी वजह से रणबीर सुबह 7 बजे के कॉल टाइम के लिए सुबह 3 बजे सेट पर होते थे।
IANS से खास बातचीत में राजकुमार हिरानी से पूछा गया, "कुछ सीनियर एक्टर जरूरत पड़ने पर 24 से 36 घंटे तक लगातार काम करने के लिए भी तैयार रहते हैं, क्योंकि फिल्म निर्माण में काफी खर्च होता है। वहीं, कुछ कलाकार तय घंटों तक ही काम करना चाहते हैं। क्या इससे फिल्म बनाने की प्रक्रिया प्रभावित होती है या फिर इसका बजट और खर्च पर कोई असर पड़ता है?" राजकुमार हिरानी ने जवाब देते हुए कहा, "मुझे नहीं लगता कि आज की पीढ़ी के कलाकार ये कहते हैं कि वे सिर्फ तय घंटों तक ही काम करेंगे। जिन कलाकारों के साथ मैंने काम किया है, वे अच्छी तरह समझते हैं कि काम पूरा करना कितना जरूरी होता है। अगर कोई सीन पूरा करना है, तो वे उसे खत्म करके ही जाते हैं।"
राजकुमार हिरानी ने संजू की शूटिंग का एक किस्सा बताते हुए कहा, "रणबीर कपूर को फिल्म में संजय दत्त जैसा लुक देने के लिए हर दिन करीब 4 से 5 घंटे मेकअप करना पड़ता था। अगर शूटिंग सुबह 7 बजे शुरू होती थी, तो वह सुबह 3 बजे ही सेट पर पहुंच जाते थे। जब मैं करीब 6 बजे पहुंचता था, तब तक उनकी वैन में मेकअप चल रहा होता था। इसके बाद वह पूरे दिन करीब 12 घंटे शूटिंग करते थे। इतनी मेहनत के बावजूद उन्होंने कभी कोई शिकायत नहीं की और हमेशा पूरे समर्पण के साथ काम किया।"
संजय दत्त की लाइफ पर बनी संजू फिल्म
संजय दत्त की जिंदगी पर बनी फिल्म 'संजू' में उनका किरदार रणबीर कपूर ने निभाया था। इस फिल्म में संजय दत्त के जीवन के कई अहम पहलुओं को दिखाया गया है। इसमें उनकी नशे की लत, पर्सनल लाइफ में आई मुश्किलें और 1993 के मुंबई बम धमाकों के मामले में नाम सामने आने के बाद उन्हें जिन कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा, उसे भी दिखाया गया है।