बॉलीवुड के गलियारों में शादियों और रिश्तों को लेकर अक्सर चर्चाएं होती रहती हैं, लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग और मजेदार है। हाल ही में शादी के बंधन में बंधे रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी सोशल मीडिया पर अपनी एक मजेदार नोक-झोंक को लेकर सुर्खियों में हैं। दरअसल, सारा विवाद जैकी भगनानी के उस बयान से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी को 'सिचुएशनशिप' करार दे दिया था।
क्या था जैकी भगनानी का बयान?
पूरा वाकया एक यूट्यूब चैनल 'जिंगाबाद' को दिए गए इंटरव्यू के दौरान शुरू हुआ। जब कपल अपनी बॉन्डिंग पर बात कर रहा था, तब जैकी ने अपनी शादी को परिभाषित करते हुए कहा, "रकुल और मैं शादीशुदा हैं, लेकिन हम एक तरह की 'सिचुएशनशिप' में हैं। बेशक, हम एक-दूसरे के लिए एक्सक्लूसिव हैं क्योंकि हम शादीशुदा हैं, लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि मैं उनसे किसी भी विषय पर बात कर सकता हूं।" बस फिर क्या था, जैकी का यह शब्द इस्तेमाल करना इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया। कई लोग हैरान थे कि एक शादीशुदा रिश्ते के लिए 'सिचुएशनशिप' जैसा शब्द (जो आमतौर पर बिना किसी कमिटमेंट वाले रिश्तों के लिए इस्तेमाल होता है) क्यों चुना गया।
रकुल प्रीत का मजेदार पलटवार
मामला बढ़ता देख रकुल प्रीत सिंह ने इसे बेहद कूल अंदाज में संभाला। रकुल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह जैकी को चिढ़ाती नजर आ रही हैं। वीडियो में रकुल कहती हैं, "मैंने इसे कितनी बार बोला है कि हम मिलेनियल्स हैं... हमें Gen Z बनने की कोई जरूरत नहीं है! बोला था ना मैंने?" वीडियो में जैकी भगनानी अपनी गलती मानते हुए कान पकड़कर माफी मांगते दिख रहे हैं और मुस्कुराते हुए कह रहे हैं कि उनका इरादा वैसा नहीं था जैसा लोगों ने समझ लिया। रकुल ने कैप्शन में भी लिखा, "हो गया आप लोगों का भी अब... इस पर हंसिए और आगे बढ़िए।"
'कॉन्टेक्स्ट' और क्लिकबेट पर रकुल की राय
सिर्फ मजाक ही नहीं, रकुल ने इस मुद्दे पर गंभीरता से भी अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि कैसे एक घंटे की लंबी बातचीत में से सिर्फ़ एक लाइन उठाकर उसे हेडलाइन बना दिया जाता है। रकुल का मानना है कि शब्दों का संदर्भ समझना जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया और समाचार प्लेटफॉर्म्स से अपील की कि वे नैरेटिव बनाने में थोड़ी ज़िम्मेदारी दिखाएं और बारीकियों को नज़रअंदाज़ न करें।
तीन साल की डेटिंग के बाद की शादी
आपको बता दें कि रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी ने लगभग तीन साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 21 फरवरी 2024 को गोवा में एक शानदार डेस्टिनेशन वेडिंग की थी। दोनों की शादी आनंद कारज और सिंधी रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी। फिलहाल, इस मजेदार वीडियो के बाद फैंस इस कपल की केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं।