Ramayana Box Office Collection Day 1: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत नितेश तिवारी की 'रामायण' आखिरकार कल सिनेमाघरों में रिलीज हो गई, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले इतनी ज्यादा चर्चा थी कि कई ट्रेड एक्सपर्ट्स ने अनुमान लगाया था कि यह 150 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेगी। लेकिन क्या फिल्म यह मुकाम हासिल कर पाई?
सैकनिल्क (Sacnilk) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित 'रामायण पार्ट 1' ने भारत में 77.50 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है, जबकि नेट कमाई 64.85 करोड़ रुपये रही है। भाषा के हिसाब से कमाई का विवरण इस प्रकार है- हिंदी - 47.50 करोड़ रुपये, कन्नड़ - 7.25 करोड़ रुपये, तेलुगु - 6.00 करोड़ रुपये, तमिल - 2.60 करोड़ रुपये और मलयालम - 1.50 करोड़ रुपये।
अनुमान काफी ऊंचे थे क्योंकि एडवांस बुकिंग 50 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई थी। इसलिए कई जानकारों का मानना था कि फिल्म की ओपनिंग 100-150 करोड़ रुपये के बीच होगी। नॉर्थ अमेरिकी मार्केट में फिल्म ने 940,000 डॉलर की कमाई की है, जो अनुमानित आंकड़ों से थोड़ी ही कम है।
हालांकि फिल्म बिजनेस एक्सपर्ट गिरीश जौहर को इसका अंदाजा था। उन्होंने पहले ही न्यूज18 से कहा था "इसकी शुरुआत 'धुरंधर' की तरह धीमी हो सकती है। इसका बिजनेस दिवाली के बाद ही जोर पकड़ेगा। शुरुआती इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म शानदार है। लेकिन मुझे एक बात समझ नहीं आ रही कि वे फिल्म को गुरुवार को क्यों रिलीज कर रहे हैं। न तो भारत में और न ही विदेशों में उस दिन कोई छुट्टी है। मेरा अनुमान है कि भारत में यह 50 करोड़ रुपये की कमाई करेगी।"