आखिर क्या है रणबीर कपूर की 'रामायण' के इस कवच में खास? असम के एक गांव ने कर दिखाया कमाल!

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' के लिए असम के बारपेटा जिले के कारीगरों ने बेंत और रबर से खास कवच बनाए हैं। जैनुल आबदीन के नेतृत्व में 15 कारीगरों ने करीब साढ़े तीन साल तक इस पर काम किया। फिल्म रिलीज होने के बाद उन्हें पता चला कि उनके बनाए कवच 'रामायण' में इस्तेमाल हुए हैं। इस काम से सभी कारीगर काफी खुश हैं।

अपडेटेड Nov 10, 2026 पर 1:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

गुवाहाटी (असम), (ANI): रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' में असम के एक छोटे से गांव के कारीगरों का हुनर देखने को मिलेगा। बारपेटा जिले के जानिया बांगलीपाड़ा गांव के कारीगरों ने मिलकर बेंत और रबर से खास कवच बनाए हैं। इस काम को मास्टर कारीगर जैनुल आबदीन ने संभाला।

जैनुल आबदीन के मुताबिक, करीब साढ़े तीन साल पहले यह काम स्थानीय संस्था 'ग्राम उन्नयन' के अब्दुल मलिक के जरिए उनके पास आया था। शुरुआत में उन्हें कवच के कुछ फोटो और डिजाइन भेजे गए थे। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ काम शुरू किया। कुछ समय बाद फिल्म की टीम के 5-6 सदस्य गांव पहुंचे। इनमें सागर नाम का एक सदस्य भी था, जिसने कारीगरों के साथ रहकर कवच की नाप लेने और डिजाइन में बदलाव करने में मदद की।

बेंत से कवच बनाना क्यों था मुश्किल?


फिल्म के एक्शन सीन के लिए ऐसा कवच बनाना जरूरी था, जिसे पहनकर कलाकार आसानी से हाथ-पैर हिला सकें। शुरुआत में कारीगरों ने पूरा कवच बेंत से बनाया, लेकिन वह काफी सख्त और टाइट था। इसे पहनकर कलाकारों को हिलने-डुलने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद आबदीन ने कॉस्ट्यूम डिजाइनर अजय से बात की और बेंत के साथ रबर मिलाकर कवच बनाने का सुझाव दिया। टीम को यह आइडिया पसंद आया और काले व हरे रबर से नए सैंपल तैयार किए गए।

कारीगर लगातार काम नहीं करते थे, बल्कि जब भी फिल्म की शूटिंग के लिए नए कवच की जरूरत होती, टीम गांव के कारीगरों से संपर्क करती थी। इसके बाद कारीगर जरूरत के हिसाब से कवच बनाकर भेज देते थे।

  • कुल 15 स्थानीय कारीगरों ने मिलकर काम किया।
  • करीब 30 से 35 कवच तैयार किए गए।
  • तैयार जैकेट बारपेटा से गुवाहाटी एयरपोर्ट भेजी जाती थीं।
  • कई बार 3 से 6 महीने तक कोई नया ऑर्डर नहीं आता था।
  • अचानक फोन आने पर 8-10 कवच कम समय में तैयार करने पड़ते थे।

रामायण में काम मिलने पर जताया गर्व

आबदीन ने बताया कि शुरुआत में उन्हें यह नहीं बताया गया था कि कवच 'रामायण' फिल्म के लिए बनाए जा रहे हैं। उन्हें सिर्फ इतना पता था कि इनका इस्तेमाल एक फिल्म की शूटिंग में होगा। 5 नवंबर को फिल्म रिलीज होने के बाद उन्हें पता चला कि उनके बनाए कवच इस फिल्म में इस्तेमाल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन जल्द ही जरूर देखेंगे।

फिल्म में अपने काम को जगह मिलने से आबदीन काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी टीम, गांव जानिया बांगलीपाड़ा और पूरे बारपेटा जिले पर गर्व महसूस हो रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।