Ranveer Singh: 'डॉन 3' से रणवीर सिंह के बाहर होने को लेकर चल रहे विवाद के बीच, अब खबर है कि एक्टर ने कम से कम अगले 18 महीनों तक इस मामले पर कुछ न बोलने का फैसला किया है। खबरों के मुताबिक रणवीर ने अपनी अगली फिल्म, जय मेहता की 'प्रलय' के रिलीज़ होने तक किसी भी रिपोर्टर से बात न करने का फ़ैसला किया है।
'फ्री प्रेस जर्नल' के अनुसार, एक ट्रेड जर्नलिस्ट ने कहा, "मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से मिला था। उन्होंने मुझसे कहा कि वह 'डॉन 3' विवाद पर कोई बात नहीं करेंगे और न ही कम से कम 18 महीनों तक कोई इंटरव्यू देंगे। 'डॉन 3' को लेकर रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच हुआ विवाद बॉलीवुड के सबसे बड़े विवादों में से एक बन गया है।
कई ऑनलाइन रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स के साथ क्रिएटिव मतभेदों के कारण रणवीर सिंह ने फिल्म छोड़ दी। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि रणवीर प्रोडक्शन में बार-बार हो रही देरी और फाइनल स्क्रिप्ट तैयार न होने से नाखुश थे।
शुरुआत में जो मामला सिर्फ़ कास्टिंग में बदलाव जैसा लग रहा था, वह अब कानूनी विवाद बन गया है। अख्तर की कंपनी 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' ने 45 करोड़ रुपये के मुआवज़े की मांग की है और 'फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) ने एक्टर के खिलाफ़ बैन का निर्देश जारी किया था, जिसे अब वापस ले लिया गया है।
बात करें 'प्रलय' की तो ये एक पोस्ट-एपोकैलिप्टिक ज़ॉम्बी थ्रिलर फ़िल्म है। पोस्ट-एपोकैलिप्टिक मुंबई पर आधारित इस फ़िल्म में AI-आधारित विज़ुअल्स का इस्तेमाल करके शहर के बर्बाद और जर्जर रूप को दिखाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का निर्देशन फ़िल्ममेकर हंसल मेहता के बेटे जय मेहता करेंगे, जो बतौर डायरेक्टर उनकी पहली थिएट्रिकल फ़िल्म होगी। जय इससे पहले 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' और 'लुटेरे' को को-डायरेक्ट कर चुके हैं और अपनी रियलिस्टिक कहानी कहने की शैली के लिए जाने जाते हैं।
इस फ़िल्म को हंसल मेहता और समीर नायर का 'अप्लाज़ एंटरटेनमेंट' मिलकर प्रोड्यूस कर रहा है। इससे इस फ़िल्म का महत्व और बढ़ गया है, जो बनने जा रही हिंदी फ़िल्मों में से एक काफ़ी अलग और हटकर फ़िल्म साबित हो सकती है। खबरों के मुताबिक, 'प्रलय' की स्क्रिप्ट फ़ाइनल हो चुकी है और फ़िल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।