रैपर बादशाह और पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी की शादी टूट गई है। दोनों ने सोमवार रात सोशल मीडिया पर एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी करके अपने अलग होने की घोषणा की है। दोनों ने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला लिया है। बता दें, पिछले कुछ दिनों से बादशाह और एक्ट्रेस ईशा रिखी के रिश्ते में दरार की खबरें सुर्खियों में थीं। अब आखिरकार उन्होंने अपने तलाक को कंफर्म कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने मार्च में एक निजी समारोह में शादी की थी और शादी के करीब पांच महीने बाद यह खबर सामने आई है।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
सोशल मीडिया पर शेयर जॉइंट स्टेटमेंट में बादशाह ने कहा, "मैंने और ईशा रिखी ने आपसी सहमति से अलग होने और अपने-अपने रास्ते पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। यह फैसला हमने एक-दूसरे के सम्मान को ध्यान में रखते हुए लिया है। हम सभी से अपील करते हैं कि इस समय हमारी निजता का सम्मान करें।" उन्होंने आगे कहा, "इस मामले में यह हमारा एकमात्र बयान होगा। हम ईमानदारी से अनुरोध करते हैं कि हमारे रिश्ते को लेकर आगे किसी तरह की अटकलें या धारणाएं न बनाई जाएं।"
जुलाई में सोशल मीडिया पर बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आने लगी थीं। जुलाई में ईशा ने बादशाह के साथ अपनी कुछ तस्वीरों और वीडियो का एक मोंटाज सोशल मीडिया पर शेयर किया था। उन्होंने इस पोस्ट के साथ लिखा था, “हर तूफान एक सबक है। हर प्रार्थना उम्मीद है,” और इसके साथ दिल टूटने और हाथ जोड़ने वाले इमोजी भी लगाए थे। ईशा के इस पोस्ट के बाद दोनों के रिश्ते में अनबन की अटकलें तेज हो गई थीं।
मार्च 2026 में हुई थी चर्चा
बादशाह और ईशा रिखी की शादी को लेकर मार्च 2026 में चर्चाएं शुरू हुई थीं। इसकी शुरुआत तब हुई जब ईशा की मां पूनम रिखी ने सोशल मीडिया पर शादी की रस्मों से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। इन तस्वीरों में बादशाह भूरे रंग के कुर्ते और सुनहरे साफे में नजर आए, जबकि ईशा लाल रंग के पारंपरिक दुल्हन के लिबास में दिखाई दीं। इसके बाद जून में ईशा ने इंस्टाग्राम पर एक ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान बादशाह के साथ अपनी शादी की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार की थी। अब दोनों के अलग होने की खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब ईशा के सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले बिग बॉस 20 का हिस्सा बनने की भी चर्चा चल रही है।
ईशा रिखी चंडीगढ़ की रहने वाली अभिनेत्री और मॉडल हैं, जिन्होंने साल 2013 में पंजाबी फिल्म ‘जट्ट बॉयज पुट्ट जट्टां दे’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘हैप्पी गो लकी’, ‘अरदास’ और ‘मिंडो तसीलदारनी’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। साल 2018 में उन्होंने फिल्म ‘नवाबजादे’ से बॉलीवुड में कदम रखा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईशा और बादशाह ने शादी से पहले कई साल तक एक-दूसरे को डेट किया था और इसके बाद दोनों ने निजी समारोह में शादी की।
बादशाह की ईशा रिखी से ये दूसरी शादी है, जो अब खत्म हो गई है। इससे पहले बादशाह की जैस्मीन मसीह से 2012 में शादी हुई थी। दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और साल 2020 में उनका तलाक हो गया। दोनों की एक बेटी भी है, जेसीमी ग्रेस मसीह सिंह, जिसका जन्म जनवरी 2017 में हुआ था।