Riddhima Kapoor: 45 की उम्र में बॉलीवुड में करेंगी डेब्यू, रिद्धिमा कपूर साहनी ने तोड़ा कपूर खानदान का सालों पुराना नियम

Riddhima Kapoor: रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी 45 साल की उम्र में फिल्म 'दादी की शादी' से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं, जिससे वह कपूर खानदान की सबसे उम्रदराज डेब्यूटेंट बन गई हैं।

अपडेटेड May 06, 2026 पर 10:11 AM

बॉलीवुड का जिक्र हो और कपूर खानदान का नाम न आए, ऐसा मुमकिन नहीं है। पृथ्वीराज कपूर से लेकर रणबीर कपूर तक, इस परिवार की कई पीढ़ियों ने पर्दे पर राज किया है। लेकिन इस बार चर्चा रणबीर की नहीं, बल्कि उनकी बड़ी बहन रिद्धिमा कपूर साहनी की है। रिद्धिमा 45 साल की उम्र में अपना फिल्मी सफर शुरू करने जा रही हैं, जिसके साथ ही उन्होंने कपूर खानदान की सबसे उम्रदराज 'डेब्यूटेंट' होने का एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

'दादी की शादी' से बड़े पर्दे पर एंट्री

रिद्धिमा कपूर साहनी जल्द ही फिल्म 'दादी की शादी' के जरिए एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाली हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में उनके साथ उनकी मां और दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर भी नजर आएंगी। फिल्म में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा भी मुख्य भूमिका में हैं। हालांकि ऋद्धिमा को इससे पहले नेटफ्लिक्स के शो 'फैबुलस लाइव्स वर्सेस बॉलीवुड वाइव्स' में देखा जा चुका है, लेकिन एक प्रॉपर फीचर फिल्म के तौर पर यह उनका पहला बड़ा प्रोजेक्ट है।

पिता ऋषि कपूर को किया याद


अपनी इस नई पारी को लेकर रिद्धिमा काफी भावुक हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए किसी सपने जैसा है। उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता ऋषि कपूर को याद करते हुए कहा, "मुझे पता है कि मेरे पापा हमेशा मेरे साथ हैं। मैं जो कुछ भी करती हूं, उनका आशीर्वाद हमेशा मुझ पर रहता है। यही सोच मुझे हिम्मत और सुकून देती है।" रिद्धिमा ने बताया कि यह उनके जीवन का एक ऐसा दौर है जहां चीजें अब पूरी तरह से एक 'सर्किल' की तरह जुड़ रही हैं।

मां नीतू कपूर ने दी खास सलाह

फिल्म की शूटिंग के दौरान रिद्धिमा को अपनी मां नीतू कपूर का पूरा साथ मिला। रिद्धिमा के मुताबिक, उन्होंने करीब से देखा कि उनकी मां कैमरे के सामने कितनी सहज और प्रतिभाशाली हैं। डेब्यू को लेकर नीतू कपूर ने अपनी बेटी को एक गुरु मंत्र भी दिया। उन्होंने रिद्धिमा से कहा, "ज्यादा सोचो मत, बस नेचुरल रहो और उस पल को महसूस करो।" इस सलाह ने ऋद्धिमा के आत्मविश्वास को बढ़ाने में काफी मदद की।

कपिल शर्मा ने ही सुझाया था नाम

हैरानी की बात यह है कि इस फिल्म के लिए रिद्धिमा का नाम खुद कपिल शर्मा ने सुझाया था। ऋद्धिमा ने बताया कि उन्होंने कपिल से कभी इसकी वजह नहीं पूछी, लेकिन शायद कपिल को उनमें एक तरह की सच्चाई और सादगी नजर आई होगी।

45 की उम्र में एक नई शुरुआत करना आसान नहीं था। रिद्धिमा ने साझा किया कि शूटिंग के लिए उन्हें अपनी बेटी को दिल्ली में अकेला छोड़कर आना पड़ा। ऋषि कपूर के इलाज के वक्त न्यूयॉर्क जाने के बाद यह पहली बार था जब वह अपनी बेटी से दूर रहीं। उन्होंने माना कि इस उम्र में करियर बदलना और कैमरे के सामने आना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन वह इस नए सफर को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।