Awarapan 2: शर्मिंदा न होना पड़े..., 'तेरा मेरा रिश्ता' गाने को रीक्रिएट करते वक्त बहुत प्रेशर में थे सईद कादरी

Awarapan,Awarapan 2,Emraan Hashmi,Saeed Quadri,Mithoon, आवारापन, आवारापन 2, इमरान हाशमी, सईद क़ादरी, मिथुन

अपडेटेड Aug 08, 2026 पर 3:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स द्वारा पेश 'आवारापन 2' को विशेष भट्ट ने प्रोड्यूस किया है, नितिन कक्कड़ ने डायरेक्ट किया है और बिलाल सिद्दीकी ने लिखा है।

Awarapan 2: 'आवारापन' फिल्म, जो एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है... अब अपने सीक्वल 'आवारापन 2' के साथ लौट रही है। यह इसी महीने सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फ़िल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर 'शिवम पंडित' के अपने मशहूर किरदार में नज़र आएंगे, जो ज़मीर वाला एक हिटमैन है।

सीक्वल को पहले भाग से जोड़ने वाली चीज़ों में दो गाने भी शामिल हैं- 'तो फिर आओ' और 'तेरा मेरा रिश्ता'। 'आवारापन' के साउंडट्रैक का हिस्सा रहे ये दोनों गाने 2007 में सुपरहिट हुए थे। अब, इनके ओरिजिनल गीतकार सईद कादरी इन्हें फिर से तैयार कर रहे हैं और मिथुन इनका संगीत दे रहे हैं। इतने मशहूर गानों को फिर से बनाने की ज़िम्मेदारी के बारे में बात करते हुए, सईद कादरी दबाव, लोगों की मंज़ूरी और दूसरी कई बातों पर चर्चा करते हैं।

पुराने गाने में वहीं फील के साथ नयापन लाने की बात करते हुए एचटी मीडिया से सईद कादरी ने कहा कि पहली बार जो मैंने लिखा था, उसकी खुशबू मेरे अंदर कहीं ना कहीं हमेशा बाकी रहेगी। यहां मुझे किसी और के गाने को दोबारा नहीं बनाना था। मुझे अपने ही गाने को नए शब्दों के साथ फिर से बनाना था। तो आप बस अपने अंदर के सार में रचनात्मक तत्व जोड़ते हैं, और काम अपने आप होने लगता है।


दोबारा से इन गानों को बनाने में हुई हिचकिचाहट पर सईद कादरी बोले- मुझे ऐसा बिल्कुल नहीं लगा। मैं कभी दूसरों की रचनाओं को दोबारा नहीं बनाता। आपने मेरे लगभग 40-45 साल के करियर में देखा ही होगा। लेकिन पहली बार मैं अपने लिखे गाने पर काम कर रहा हूं। इसीलिए मैंने ऐसा किया। वैसे भी, यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है, मेरे जीवन से बहुत जुड़ी हुई है। इमरान हाशमी द्वारा निभाया गया शिवम पंडित का किरदार मेरे दिल के बहुत करीब है। उसके अंदर जो बेचैनी है खालिपन है है, वो कहीं ना कहीं हम हम लोगों के अंदर भी रहता है संघर्ष के समय।

वहीं प्रेशर फी होने की बात को लेकर कादरी ने कहा कि हां, ये जरूर महसूस हुआ कि पहले गानों को बहुत प्यार मिला है, तो कम से कम इस बार सुनने वालों के सामने शर्मिंदा नहीं होना पड़े। जब आप एक ब्रांड बन जाते हैं, तो लोग आपसे उम्मीद करते हैं कि आप जो भी काम करें, वह बेहतर हो। इससे आपको दिल से और ईमानदारी से काम करने की प्रेरणा मिलती है। बाकी बस यही चाह है कि जो मेरा सुनने वाला है जो मुझे प्यार करता है जो मेरा चाहने वाला है, उसके चेहरे पर शिकन नहीं आनी चाहिए कि भाई क्या लिखा है।

मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स द्वारा पेश 'आवारापन 2' को विशेष भट्ट ने प्रोड्यूस किया है, नितिन कक्कड़ ने डायरेक्ट किया है और बिलाल सिद्दीकी ने लिखा है। इमरान के अलावा, इसमें दिशा पाटनी, शबाना आज़मी और सुविंदर विक्की भी हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।