बॉलीवुड के 'दबंग' यानी सलमान खान अपनी बेबाकी और गुस्से के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार मुंबई के बांद्रा स्थित हिंदुजा अस्पताल के बाहर कुछ ऐसा हुआ, जिसने अभिनेता का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया। एक पारिवारिक और बेहद निजी पल के दौरान पैपराजी (फोटोग्राफर्स) द्वारा घेरे जाने पर सलमान खान बुरी तरह भड़क गए। इस घटना के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर भी एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर कर मीडिया के एक वर्ग को कड़ी चेतावनी दे डाली है।
अस्पताल के बाहर क्या हुआ?
मंगलवार की रात सलमान खान अपने परिवार के एक सदस्य से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। जैसे ही वह अस्पताल की इमारत से बाहर निकले, वहां पहले से मौजूद कैमरामैन ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और तस्वीरें खींचने लगे। अपनी प्राइवेसी (निजता) में इस तरह की दखलअंदाजी देखकर सलमान खान खुद पर काबू नहीं रख पाए।
उन्होंने बेहद गुस्से में पैपराजी की तरफ इशारा करते हुए कहा, "दिमाग खराब है क्या?" सलमान का यह रूप देखकर वहां मौजूद फोटोग्राफर्स तुरंत सहम गए और उन्होंने अभिनेता से माफी भी मांगी। हालांकि, सलमान खान किस पारिवारिक सदस्य की तबीयत का हाल जानने अस्पताल गए थे, इस बात का खुलासा अभी नहीं हुआ है। याद दिला दें कि फरवरी 2026 में उनके पिता और दिग्गज लेखक सलीम खान को मामूली ब्रेन हेमरेज के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सोशल मीडिया पर निकाला गुस्सा
इस घटना से आहत और नाराज सलमान खान ने रात में अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मुस्कुराती हुई सेल्फीज़ की एक सीरीज पोस्ट की, लेकिन उनके साथ लिखे गए कैप्शंस बेहद तीखे और चेतावनी से भरे थे।
अपनी पहली तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा: "अगर मैं किसी प्रेस वाले को अस्पताल में मेरे दर्द का मज़ा लेते हुए देखूंगा... वो प्रेस जिसके लिए मैं हमेशा खड़ा रहा, जिससे बात की, जिनका ध्यान रखा ताकि वे भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें..."
इसके तुरंत बाद दूसरी पोस्ट में उन्होंने अपनी फिल्म 'मातृभूमि' का जिक्र करते हुए बेहद कड़े शब्दों में लिखा, "लेकिन अगर वे मेरे नुकसान से पैसा कमाना चाहते हैं... तो शांत रहें, इसका मज़ा न लें। मातृभूमि पिक्चर की... पिक्चर ज़रूरी है या जिंदगी?"
"साठ साल का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला"
सलमान खान का गुस्सा यहीं नहीं थमा। उन्होंने अगली पोस्ट में मीडिया को सीधे चुनौती देते हुए लिखा कि अगली बार मेरे किसी भाई के दुख पर ऐसा करके देखना, बस एक बार कोशिश करके देखना। उन्होंने सवाल उठाया, "जब तुम्हारा कोई अस्पताल में होगा, तो क्या मैं ऐसा रिएक्ट करूंगा?" अपने इस पोस्ट सिलसिले के अंत में उन्होंने एक बेहद गंभीर तस्वीर साझा की और लिखा: "साठ साल का हो गया हूं लेकिन लड़ना नहीं भूला हूं, यह याद रख लेना। जेल में डालोगे? हाहाहा।"
सलमान खान की यह पोस्ट्स अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस उनके इस कड़े रुख का समर्थन कर रहे हैं और उनका मानना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगहों पर हर सेलिब्रिटी को प्राइवेसी मिलनी ही चाहिए।