Eetha Teaser: 'ईथा' फिल्म में श्रद्धा कपूर का अवतार देख फैंस हुए दीवाने! बॉक्स ऑफिस पर यश की 'टॉक्सिक'से होगी टक्कर

Shraddha Kapoor: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर अपनी नई बायोपिक फिल्म 'ईथा' में एक अलग और दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म का पहला टीजर जारी कर दिया गया है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म 'ईथा' 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं इसके टीजर पर फैंस ने कई तरह के रिएक्शन दे

अपडेटेड Jun 23, 2026 पर 6:12 PM
श्रद्धा इस फिल्म में मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभाती हुए नजर आ रही हैं

Eetha Teaser: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी नई बायोपिक फिल्म 'ईथा' को लेकर चर्चा में है। 'ईथा' में एक्ट्रेस एक अलग और दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म का पहला टीजर जारी कर दिया गया है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। श्रद्धा इस फिल्म में मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभाती हुए नजर आ रही हैं। टीजर में उनका नया अंदाज और फिल्म की भव्य झलक दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। फैंस बेसब्री से इसके ट्रेलर और फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। शानदार दृश्यों और बड़े स्तर पर बनी इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही लोगों के बीच एक्साईटमेंट बढ़ा दी है।

सोशल मीडिया पर छाई श्रद्धा

फिल्म ईथा के टीजर में मशहूर लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की मेहनत, संघर्ष और अपने काम के प्रति उनके जुनून को दिखाया गया है। वीडियो में दिखाया गया है कि वह कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रहती हैं। बच्चे को जन्म देने की पीड़ा सहने के बाद भी उनका मंच पर लौटकर प्रस्तुति देना लोगों को इमोशनल कर रहा है। वहीं, श्रद्धा कपूर का पारंपरिक मराठी लुक भी दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर उनके इस नए अंदाज की खूब चर्चा हो रही है।


कब रिलीज होगी फिल्म

फिल्म 'ईथा' 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इसकी रिलीज के साथ ही अभिनेता यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोनअप्स' भी बड़े पर्दे पर आने वाली है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। ईथा का टीजर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। फिल्म ईथा में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, अनंत जोशी और कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्माण दिनेश विजान की प्रोडक्शन कंपनी मैडॉक फिल्म्स के सहयोग से किया जा रहा है।

फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है। श्रद्धा कपूर की पिछली फिल्म साल 2024 में रिलीज हुई स्त्री 2 थी। अब दर्शकों को उनकी नई फिल्म ईथा का बेसब्री से इंतजार है।

फैंस ने किया कमेंट

एक फैन ने कमेंट किया, “श्रद्धा कपूर दो साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं और टीजर देखकर लग रहा है कि इंतजार पूरी तरह सफल रहा। विठाबाई नारायणगांवकर के किरदार में उनका पहला लुक बेहद शानदार है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “2026 में अब तक देखा गया यह सबसे बेहतरीन टीजर है।” वहीं एक और यूजर ने कहा, “टीजर काफी भव्य और प्रभावशाली नजर आ रहा है। श्रद्धा कपूर की स्क्रीन प्रेजेंस कमाल की है और उनके डांस सीक्वेंस देखने लायक हैं।”

एक यूजर ने लिखा, “अब तक सामने आई झलकियों में ईथा में श्रद्धा कपूर की स्क्रीन प्रेजेंस बेहद दमदार नजर आ रही है। मुझे लगता है कि टॉक्सिक की रिलीज फिर आगे बढ़ सकती है।” एक और यूजर ने लिखा, “श्रद्धा कपूर ईथा के साथ शानदार वापसी करती दिख रही हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या टॉक्सिक को उसी समय रिलीज करना सही फैसला होगा?”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।