Sonam Wangchuk Hunger Strike: NEET पेपर लीक का मामला हर दिन नया मोड़ ले रहा है। परीक्षा में अनियमितता होने का आरोप लगाते हुए सोनम वांगचुक गुरुवार 16 जुलाई 2026 को लगातार 19वें दिन अनशन पर हैं। लोग उनसे अपना हड़ताल खत्म करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन वह भूखहड़ताल जारी रखे हुए हैं। इस बीच कई बॉलीवुड सितारे उनके सपोर्ट में आए हैं। सोनी राजदान, शबाना आजमी, जीनत अमान, नसरुद्दीन शाह, अभय देओल, प्रकाश राज और कई अन्य मशहूर हस्तियों ने भी अपना समर्थन दिया है और अधिकारियों से इस मामले पर ध्यान देने की अपील की है।
एक्टर अतुल कुलकर्णी ने ऐलान करते हुए कहा कि वे शिक्षाविद और क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में एक दिन की भूख हड़ताल करेंगे। एक वीडियो मैसेज शेयर करते हुए एक्टर ने बताया कि वे 16 जुलाई को अपने घर से ही उपवास रखेंगे और अपने इस फैसले के पीछे की वजहें भी बताईं। उन्होंने सरकार से सोनम वांगचुक के साथ बातचीत शुरू करने की अपील की, क्योंकि उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का 19वां दिन है। 'रंग दे बसंती' फ़िल्म के एक्टर ने उन लोगों से भी अपील की जो वांगचुक की चिंताओं से सहमत हैं कि वे उनके मैसेज को शेयर करें और एक दिन की भूख हड़ताल में शामिल हों।
मंगलवार को स्वरा भास्कर जंतर-मंतर पर पहुंची थीं, जहां उन्होंने सोनम और अभिजीत से मीटिंग की। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरें शेयर की गईं, जिनमें स्वरा विरोध प्रदर्शन में शामिल होती दिख रही हैं। कैप्शन में लिखा था, 'बिना किसी झिझक और निडर एक्ट्रेस स्वरा भास्कर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।'
सोनाक्षी सिन्हा ने भी सोनम वांगचुक का सपोर्ट किया है। एक्ट्रेस अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा- कब तक चुप रहेंगे? सोनम सर स्टे स्ट्रॉंग। देश को आपकी जरूरत है।
यूट्यूबर भुवन बम ने भी सोनम का सपोर्ट किया है। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर सोनम वांगचुक की एक फोटो को शेयर किया है। साथ ही कैप्शन में लिखा- बातचीत से हल निकल सकता है। उम्मीद है कोई सुन ले।
अनुराग कश्यप की ये पोस्ट वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर बढ़ती चिंता के बीच आई हैं। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, "एक समय था जब भूख हड़ताल का कोई मतलब होता था। लोग यूं ही भूख हड़ताल पर नहीं बैठते। यह वाकई चिंताजनक है, जब सिस्टम लोगों की जिंदगी के प्रति इतना बेपरवाह हो जाता है। सिर्फ एक ऐसा इंसान जो दूसरों का दर्द समझता हो और सच व न्याय में यकीन रखता हो, वही ऐसा करने की हिम्मत जुटा सकता है। सोनम वांगचुक जो कर रहे हैं, उसे करने की हिम्मत मुझमें नहीं है। लेकिन सत्ता में बैठे लोगों की खामोशी इतनी गहरी है कि यह उनके गुनाह और उनकी जान लेने वाली मंशा का सबूत है। मैं सोनम वांगचुक जैसे बहादुर इंसान के साथ खड़ा हूं।"