Sunjay Kapur's Inheritance Dispute: कपूर परिवार की संपत्ति विवाद की लड़ाई में मंगलवार को एक और बड़ा मोड़ आ गया। दिल्ली हाई कोर्ट में करिश्मा कपूर के बच्चों समाइरा और कियान राज का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की विधवा प्रिया सचदेव पर तीखा हमला बोला है। वकील ने उन्हें 'एक्यूट गैम्बलर' यानी बहुत बड़ी जुआरी करार दिया। इसके साथ ही संजय कपूर की वसीयत की वैधता पर भी सवाल उठाया है।
'आदतन जुआरी है प्रिया सचदेव'
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने जस्टिस ज्योति सिंह की अदालत के समक्ष संजय कपूर की वसीयत की प्रामाणिकता पर गंभीर सवाल उठाए। जेठमलानी ने कोर्ट में कहा, 'यह महिला बहुत बड़ी जुआरी है'। जेठमलानी ने कोर्ट को बताया कि विचाराधीन वसीयत को संजय कपूर ने तैयार, पढ़ा या अनुमोदित नहीं किया होगा, क्योंकि इसके मसौदे को बनाने में 'गंभीर त्रुटियां' हैं।
उन्होंने तर्क दिया, 'जब आप चार अलग-अलग जगहों पर 'वह' और 'उसकी' को गलत करते हैं, तो संजय कपूर जैसा व्यक्ति, अपनी शिक्षा और प्रतिष्ठा के साथ, इस पर हस्ताक्षर नहीं करता। ऐसी त्रुटियों वाली वसीयत उनकी प्रतिष्ठा बर्बाद कर देती।' जेठमलानी ने यह भी सवाल उठाया कि संजय कपूर की मां, रानी कपूर को लाभार्थियों की सूची से बाहर क्यों रखा गया।
बच्चों को 'विरासत से बेदखल' करने के लिए बनाई गई जाली वसीयत
सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट में करिश्मा के बच्चों की याचिका पर सुनवाई फिर से शुरू हुई। जेठमलानी ने अदालत में दावा किया कि वसीयत जाली है और इसे करिश्मा से हुई शादी से हुए संजय के बच्चों को 'विरासत से बेदखल' करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वसीयत 'गढ़ी हुई' है और 'चौंकाने वाली गलतियों' से भरी है। इससे पहले 9 अक्टूबर को बच्चों के वकील ने प्रिया सचदेव को 'सिंड्रेला सौतेली मां' कहकर संबोधित किया था, और आरोप लगाया था कि संपत्ति का प्रमुख हिस्सा सुरक्षित करने के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया।
क्या है संजय कपूर की संपत्ति का विवाद
ऑटो पार्ट्स बनाने वाली प्रमुख कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर का जून में लंदन में पोलो मैच खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। संजय कपूर की शादी करिश्मा कपूर से 2003 में हुई थी और 2016 में तलाक हो गया। उनके दो बच्चे कियान और समाइरा हैं। संजय ने 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की थी।कियान और समाइरा ने अपने पिता की ₹30,000 करोड़ से अधिक की संपत्ति से उन्हें बाहर करने और वसीयत की जालसाजी के आरोप में प्रिया सचदेव पर दिल्ली हाई कोर्ट में मुकदमा दायर किया है।
प्रिया सचदेव ने बाद में कोर्ट से अनुरोध किया था कि उन्हें अपने दिवंगत पति की संपत्ति का विवरण सार्वजनिक रूप से नहीं, बल्कि बंद लिफाफे में अदालत को सौंपने की अनुमति दी जाए। इस हाई-प्रोफाइल विवाद में लगाए गए नए आरोपों से यह कानूनी लड़ाई और भी अधिक जटिल हो गई है।