Kunal Kohli: 'धुरंधर' की सफलता ने बंद की आलोचकों की बोलती, कुणाल कोहली ने खोला फिल्म इंडस्ट्री का कड़वा सच

Kunal Kohli: फिल्म निर्माता कुणाल कोहली ने खुलासा किया कि बॉलीवुड के कई बड़े निर्देशकों ने भविष्यवाणी की थी कि रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' सोमवार तक बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो जाएगी। हालांकि, फिल्म ने सभी को गलत साबित करते हुए ऐतिहासिक कमाई की और कोहली ने इसे 'देसी कहानियों' की असली जीत बताया।

अपडेटेड Apr 14, 2026 पर 3:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

जब कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचती है, तो पर्दे के पीछे की कहानी अक्सर वैसी नहीं होती जैसी हमें बाहर से दिखती है। रणवीर सिंह की हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। फिल्म निर्माता कुणाल कोहली ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री के उस "अंधेरे पक्ष" पर रोशनी डाली है, जहां खुद इंडस्ट्री के दिग्गज ही एक फिल्म के फ्लॉप होने का इंतज़ार कर रहे थे।

जब अपनों ने ही फेरा मुंह

एक इंटरव्यू के दौरान कुणाल कोहली ने खुलासा किया कि जब आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' रिलीज होने वाली थी, तो बॉलीवुड के कई बड़े निर्देशकों और फिल्मकारों को लगा था कि यह फिल्म असफल होगी। कोहली ने बताया, "इंडस्ट्री में एक चर्चा आम थी कि फिल्म सिर्फ वीकेंड तक टिकेगी औरस'सोमवार को बैठ जाएगी'। लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट रही। सोमवार को फिल्म ने बैठने के बजाय और भी रफ्तार पकड़ ली।"

कुणाल का यह बयान बॉलीवुड में व्याप्त उस मानसिकता को दर्शाता है जहां अक्सर नई और साहसी फिल्मों को इंडस्ट्री के भीतर से ही समर्थन नहीं मिलता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 'बॉर्डर 2' जैसी फिल्मों के साथ भी ऐसा ही नकारात्मक प्रचार किया गया था, जबकि उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों की कमाई की।


'धुरंधर' की असली जीत: आंकड़े और भावनाएं

कुणाल कोहली ने फिल्म की सफलता को "सच्ची जीत" करार दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि आदित्य धर और रणवीर सिंह ने यह साबित कर दिया कि भारतीय दर्शकों को आज भी 'देसी कहानियों' और 'मजबूत किरदारों' की तलाश है। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा, "आजकल फिल्मों के आंकड़े बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए जाते हैं, लेकिन 'धुरंधर' ने प्रतिदिन 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके दिखाया है, और वह भी पूरी तरह से असली आंकड़ों के साथ।" कोहली के अनुसार, यह फिल्म उन लोगों के लिए एक सबक है जो केवल पश्चिमी विचारों या कमजोर किरदारों के इर्द-गिर्द फिल्में बनाना चाहते हैं।

क्यों खास है 'धुरंधर'?

फिल्म की कहानी 'जसकीरत सिंह रेंगी' से 'हमजा अली मजारी' बनने के सफर की है, जो एक जासूस बनकर पाकिस्तान में घुसता है और देश के दुश्मनों से बदला लेता है। रणवीर सिंह के दमदार अभिनय और आदित्य धर के सटीक निर्देशन ने इस जासूसी थ्रिलर को एक नया आयाम दिया है। फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और संजय दत्त जैसे सितारों ने भी अपनी छाप छोड़ी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।