बॉलीवुड अभिनेत्री जरीन खान इस समय अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। उनकी मां, परवीन खान, जिनका निधन 8 अप्रैल 2026 को हुआ था, के जाने से अभिनेत्री के जीवन में एक ऐसा खालीपन आ गया है जिसे भरना नामुमकिन है। अपनी मां के इंतकाल के ठीक 10 दिन बाद, जरीन ने इंस्टाग्राम पर एक दिल दहला देने वाला नोट साझा किया है, जिसने उनके प्रशंसकों की आंखों में भी आंसू ला दिए हैं।
जरीन खान ने अपनी माँ के साथ बिताए गए खूबसूरत पलों का एक वीडियो मोंटाज शेयर करते हुए अपने पोस्ट की शुरुआत अरबी दुआ से की "इन्ना लिल्लाही व इन्ना इलैही राजिऊन" (बेशक, हम अल्लाह के ही हैं और हमें उसी की ओर लौटकर जाना है)।
अभिनेत्री ने अपनी मां को अपना "पहला प्यार", "सबसे अच्छी दोस्त" और "पूरी दुनिया" बताते हुए लिखा कि उनके जाने से उनके दिल में एक निरंतर दर्द और खालीपन पैदा हो गया है। जरीन ने लिखा, "मैं दुनिया के पढ़ने के लिए कोई लंबा कैप्शन नहीं लिखूंगी क्योंकि आप (मां) अच्छी तरह जानती हैं कि आपके बिना मैं इस समय किस स्थिति से गुजर रही हूं।" उनकी ये चंद लाइनें उस गहरे जुड़ाव को बयां करती हैं जो वे अपनी मां के साथ साझा करती थीं।
फैंस और दोस्तों ने दी सांत्वना
जैसे ही जरीन ने यह भावुक पोस्ट साझा किया, उनके कमेंट सेक्शन में सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। फैंस और इंडस्ट्री के करीबियों ने उन्हें इस दुख की घड़ी में हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी। कई प्रशंसकों ने याद किया कि ज़रीन अक्सर अपनी मां के साथ मजेदार और प्यारे वीडियो शेयर किया करती थीं, जिससे यह साफ झलकता था कि उनकी दुनिया उनकी 'अम्मी' के इर्द-गिर्द ही घूमती थी। एक यूजर ने लिखा, "आपकी अम्मी बेहद प्यारी थीं, मैं आपके वीडियो सिर्फ उन्हें देखने के लिए देखता था।"
फिल्मों से दूरी, लेकिन सोशल मीडिया पर सक्रिय
जरीन खान ने साल 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म 'वीर' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'हाउसफुल 2', 'हेट स्टोरी 3', 'अक्सर 2' और '1921' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि पिछले कुछ समय से वे बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन वे सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों से लगातार जुड़ी रहती हैं। उनकी माँ अक्सर उनके व्लॉग्स और तस्वीरों का हिस्सा होती थीं, यही वजह है कि आज उनके फैंस भी इस नुकसान को निजी तौर पर महसूस कर रहे हैं।