Rajnish Duggal: जब प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म करने वाले थे रजनीश दुग्गल, फिर अचानक क्यों हुए प्रोजेक्ट से बाहर?

Rajnish Duggal: अभिनेता रजनीश दुग्गल ने खुलासा किया है कि उन्हें फिल्म 'यकीन' से अचानक इसलिए हटा दिया गया था क्योंकि प्रियंका चोपड़ा कथित तौर पर किसी नए कलाकार के साथ काम नहीं करना चाहती थीं।

अपडेटेड May 03, 2026 पर 8:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बॉलीवुड में आउटसाइडर एक्टर्स के लिए अपनी जगह बनाना कभी आसान नहीं रहा। अक्सर नए कलाकारों को बड़े सितारों के साथ काम करने के मौके तो मिलते हैं, लेकिन कई बार वे मौके हाथ से निकल भी जाते हैं। हाल ही में मॉडल और अभिनेता रजनीश दुग्गल ने अपने करियर की शुरुआत का एक ऐसा ही किस्सा शेयर किया है, जब वह ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा के साथ पर्दे पर दिखने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर उन्हें फिल्म से हटा दिया गया।

रात 2 बजे आया था वो फोन कॉल

रजनीश दुग्ग ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह बात उनके करियर के बिल्कुल शुरुआती दिनों की है। उन्हें फिल्म 'यकीन' (2005) के लिए साइन किया गया था। वह इस प्रोजेक्ट को लेकर बहुत उत्साहित थे और उस समय एक्टिंग का कोर्स कर रहे थे। रजनीश ने बताया कि सबकुछ तय हो चुका था, लेकिन फिर एक रात अचानक 2 बजे उन्हें कॉल आया।

फोन पर उन्हें बताया गया कि फिल्म में एक समस्या आ गई है। जब उन्होंने पूछा कि क्या हुआ, तो उन्हें जवाब मिला कि प्रियंका चोपड़ा किसी नए कलाकार (newcomer) के साथ काम नहीं करना चाहतीं। उस समय प्रियंका एक बड़ा नाम बन चुकी थीं और अक्षय कुमार व सलमान खान जैसे बड़े सितारों के साथ काम कर रही थीं।


रजनीश का बड़ा दिल और फैसला

हालांकि, रजनीश ने इस बात को लेकर प्रियंका के प्रति कोई कड़वाहट नहीं रखी। उन्होंने बहुत ही समझदारी से कहा, "मुझे आज भी नहीं पता कि वह फैसला खुद प्रियंका का था, उनके मैनेजर का था या फिल्म से जुड़े अन्य लोगों का। मैं उस समय फिल्म इंडस्ट्री के लिए बिल्कुल नया था और शायद तब तक मैंने कभी कैमरा भी फेस नहीं किया था।"

इस घटना ने रजनीश के मन पर गहरा असर डाला, लेकिन उन्होंने इसे सकारात्मक रूप में लिया। उन्होंने उसी दिन खुद से एक वादा किया कि वह अपने करियर में कभी भी किसी नए कलाकार के साथ काम करने से मना नहीं करेंगे। रजनीश आज भी अपने इस वादे पर कायम हैं और नए टैलेंट का हमेशा स्वागत करते हैं।

रजनीश दुग्गल का फिल्मी सफर

भले ही 'यकीन' उनके हाथ से निकल गई, लेकिन रजनीश ने हार नहीं मानी। उन्होंने साल 2008 में विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म '1920' से बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री की, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इसके बाद उन्होंने 'खतरों के खिलाड़ी' जैसे रियलिटी शो जीते और कई फिल्मों व वेब सीरीज में अपनी पहचान बनाई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।