इस वक्त गूगल पर एक नाम ट्रेंड कर रहा है। वह नाम है शफीकुर रहमान बर्क का। फैशन एंटरप्रेन्योर और फिल्म प्रोड्यूसर शफीकुर रहमान बर्क इस वक्त अपने एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म प्रेमियों के बीच इस समय उन्हें और उनके आने वाले प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है। आइए जानते हैं कि शफीकुर रहमान कौन हैं, उनका यह नया प्रोजेक्ट क्या है और वो क्यों ट्रेंड हो रहे हैं।
हमारी सहयोगी वेबसाइट मनी कंट्रोल इंग्लिश की एक रिपोर्ट के मुताबिक शफीकुर रहमान एक फैशन एंटरप्रेन्योर, इवेंट क्यूरेटर और फिल्म प्रोड्यूसर हैं। उनका जन्म 25 जनवरी 1985 को हैदराबाद के एक जाने-माने और प्रभावशाली परिवार में हुआ था। उनके परिवार का एक मजबूत राजनीतिक और ऐतिहासिक बैकग्राउंड रहा है। उनके पिता खलील उर रहमान राज्यसभा के सांसद रह चुके हैं। इसके साथ ही वे नागरिक उड्डयन और ऊर्जा मंत्रालय की कार्यकारी समिति के सदस्य भी रहे हैं। उनकी मां फर्रुख जमाल हैदराबाद के सम्मानित जागीरदार परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। शफीकुर रहमान की पत्नी साहिबजादी माहीन निखत शाही निजाम राजवंश की सदस्य हैं।
फैशन की दुनिया में बड़ा नाम
शफीकुर रहमान पिछले कई सालों से फैशन और लाइफस्टाइल के क्षेत्र में एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने अपनी कंपनी द स्टार लाइफ हैदराबाद के जरिए भारत और दुनिया के कई अन्य देशों में 200 से अधिक फैशन और लाइफस्टाइल इवेंट्स का सक्सेसफुल आयोजन किया।
फैशन इंडस्ट्री में सफलता हासिल करने के साथ-साथ शफीकुर रहमान फिल्म और टेलीविजन प्रोडक्शन में भी लगातार काम कर रहे हैं। उनके पुराने प्रोडक्शन प्रोजेक्ट्स में द थर्ड हैकर, ब्रो कोड, दहलीज़, नज़र, सावधान इंडिया क्राइम अलर्ट, जिंदगी अभी बाकी है मेरे घोस्ट, लव इन देहरादून जैसे नाम शामिल हैं।
क्या है नया हॉलीवुड प्रोजेक्ट The Empty Address?
शफीकुर रहमान ने हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म द एम्प्टी एड्रेस (The Empty Address) की आधिकारिक घोषणा की है। यह फिल्म उनके करियर का पहला हॉलीवुड प्रोडक्शन होगी। इस फिल्म का निर्देशन सागर जोशी कर रहे हैं। फिल्म की मुख्य शूटिंग संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और भारत में की जाएगी। ये एक मल्टीलैंग्वेज मूवी है जिसे तेलुगु, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में बनाया जाएगा। इसका प्रोडक्शन उनकी कंपनी 'द स्टार लाइफ हैदराबाद' के बैनर तले होगा। फिल्म के मेकर्स ने अभी तक इसकी स्टार कास्ट और कहानी (स्टोरीलाइन) से जुड़ी जानकारियों का खुलासा नहीं किया है। यह फिल्म शफीकुर रहमान के करियर में एक नया अध्याय जोड़ने वाली मानी जा रही है।