Tara Sutaria: यश की 'टॉक्सिक' की रिलीज में फिर होगी देरी? तारा सुतारिया ने अफवाहों पर लगाया विराम, बताई सच्चाई

Tara Sutaria: अभिनेत्री तारा सुतारिया ने यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज में देरी की अफवाहों को खारिज करते हुए पुष्टि की है कि यह फिल्म अपनी निर्धारित तिथि 4 जून, 2026 को ही सिनेमाघरों में आएगी।

अपडेटेड Apr 15, 2026 पर 12:22 PM
Story continues below Advertisement

कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रयक्षित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' पिछले काफी समय से सुर्खियों में बनी हुई है। कभी अपनी स्टार-कास्ट को लेकर तो कभी अपने विवादित टीजर को लेकर, यह फिल्म लगातार चर्चा का विषय रही है। हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें तैर रही थीं कि फिल्म की रिलीज डेट को एक बार फिर आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, अब फिल्म की अभिनेत्री तारा सुतारिया ने इन तमाम अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया है।

रिलीज डेट को लेकर तारा का बड़ा बयान

लगातार उड़ रही अफवाहों के बीच तारा सुतारिया ने स्पष्ट किया है कि फिल्म अपने तय समय पर ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फराह खान के यूट्यूब व्लॉग पर बातचीत के दौरान तारा ने फैंस को आश्वस्त किया कि फिल्म की टीम दिन-रात काम कर रही है और 4 जून, 2026 को फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। तारा का यह बयान उन प्रशंसकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है जो फिल्म की देरी की खबरों से निराश थे। गौर करने वाली बात यह है कि फिल्म पहले 19 मार्च, 2026 को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन मध्य-पूर्व में ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार को ध्यान में रखते हुए इसे जून तक टाल दिया गया था।

विवादों के घेरे में 'टॉक्सिक' का टीजर


फिल्म की चर्चा सिर्फ इसके बड़े स्केल की वजह से नहीं है, बल्कि इसके टीज़र ने एक बड़ा विवाद भी खड़ा कर दिया है। टीज़र के रिलीज़ होते ही कुछ दृश्यों को लेकर दर्शकों और विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई थी।

* अश्लीलता के आरोप: टीजर में दिखाए गए कुछ दृश्यों को 'अश्लील' और 'कामुक' बताकर आलोचना की गई।

* धार्मिक भावनाएं: एक ईसाई समूह ने सेंसर बोर्ड (CBFC) का दरवाज़ा खटखटाया है, उनका दावा है कि फिल्म के दृश्यों से उनकी धार्मिक संवेदनाएं आहत हुई हैं।

* महिला आयोग की टिप्पणी: महिला आयोग ने भी फिल्म में दिखाए गए कुछ दृश्यों की सीमा पार करने पर कड़ा ऐतराज जताया है।

इन्हीं विवादों के बीच कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स की अध्यक्ष जयमाला ने जनता से संयम बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि केवल एक टीज़र के आधार पर पूरी फिल्म का फैसला करना जल्दबाजी होगी।

सितारों से सजी है फिल्म की दुनिया

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बन रही इस पैन-इंडिया फिल्म में न केवल यश मुख्य भूमिका में हैं, बल्कि इसमें भारतीय सिनेमा के कई बड़े नाम शामिल हैं। यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुकमणी वसंत और तारा सुतारिया अहम किरदारों में नज़र आएंगी।

कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट की जा रही यह फिल्म वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही है। भारी-भरकम बजट और बेहतरीन विजुअल्स के साथ, 'टॉक्सिक' साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। अब जब तारा सुतारिया ने रिलीज़ डेट की पुष्टि कर दी है, तो फैंस की निगाहें 4 जून पर टिकी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।