Zeenat Aman: वेटरन एक्ट्रेस जीनत अमान सोशल मीडिया पर अपने करियर और पुराने दिनों को लेकर खुलकर बात करती हैं। एक्ट्रेस ने अपने करियर के दौरान 'सेक्स सिंबल' का लेबल दिए जाने के बारे में सालों बाद चुप्पी तोड़ी है। इंस्टाग्राम पर अपनी हालिया पोस्ट में उन्होंने बताया कि कैसे उनकी पब्लिक इमेज और उनकी निजी शख्सियत एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थी।
'सत्यम शिवम सुंदरम' स्टार ने कहा कि भले ही उन्होंने सिनेमा में अपने काम को पूरे दिल से अपनाया, लेकिन कैमरे के सामने दिखने वाली उस छवि के पीछे की महिला बिल्कुल अलग थी- स्वभाव से निजी, थोड़ी इन्ट्रोवर्ट और अपने काम में पूरी तरह डूबी रहने पर सबसे ज्यादा खुश रहने वाली।
अपनी कुछ स्टाइलिश तस्वीरें शेयर करते हुए जीनत ने लिखा- "लोगों द्वारा आपको किस तरह देखा जाता है यह एक दिलचस्प बात है। पब्लिक की नजरों में रहने के दौरान मुझे अक्सर 'सेक्स सिंबल' का लेबल दिया गया। यह एक ऐसी इमेज थी, जो इस काम के साथ जुड़ी हुई थी और मैं समझती थी कि यह सिनेमा के बिजनेस का ही एक हिस्सा है। मैंने अपने काम को पूरे दिल से अपनाया, लेकिन कैमरे के सामने दिखने वाली उस छवि के पीछे की महिला कई मायनों में बिल्कुल अलग थी।
उन्होंने आगे लिखा- जिंदगी ने मुझे सिखाया है कि लोग हमें शायद ही कभी वैसा देख पाते हैं, जैसे हम असल में हैं। वे हमें अपने अनुभवों, उम्मीदों और कभी-कभी अपनी कल्पनाओं के नजरिए से देखते हैं। किसी के लिए आप रहस्यमयी हो सकते हैं तो किसी के लिए डरावने। और लंबी फ्लाइट में आपके बगल में बैठा कोई अजनबी इंसान अचानक आपके लिए एक ऐसा साथी बन सकता है, जिसके सामने आप खुलकर बात कर सकें।
मजेदार है न? हम ये सब कुछ हैं, लेकिन इनमें से कोई भी पूरी तरह से नहीं। मुझे लगता है कि हर किसी की सोच को सही करने की कोशिश करने का कोई खास मतलब नहीं है। लोगों को अपनी सोच रखने का हक है, ठीक वैसे ही जैसे हमें अपनी सच्चाई के साथ जीने का हक है। जरूरी नहीं कि ये दोनों बातें हमेशा एक जैसी ही हों।”
जीनत ने आगे कहा, “शायद हम बस इतना कर सकते हैं कि खुद को उन लेबलों, तस्वीरों, हेडलाइंस और उन कहानियों से परे जाकर जानें, जो दूसरे हमारे बारे में सुनाते हैं। मुझे जानने में दिलचस्पी है, क्या कभी ऐसा हुआ है कि किसी ने आपके बारे में बिल्कुल गलत राय बना ली हो? या फिर आपने खुद किसी के बारे में गलत अंदाजा लगा लिया हो? मुझे लगता है कि हम सबके पास ऐसी कोई न कोई कहानी जरूर होगी। मुझे आपकी कहानी सुनना अच्छा लगेगा।”
शेयर की गई तस्वीरों में जीनत अमान काले कपड़ों में नजर आ रही हैं, जिसके साथ उन्होंने हाई बूट्स और काले चश्मे पहने हैं। वह एक कुर्सी पर बैठी हैं और कैमरे के लिए पोज दे रही हैं। बॉलीवुड के ओरिजिनल 'सेक्स सिंबल' के रूप में जीनत अमान की छवि ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ (1971), ‘यादों की बारात’ (1973) और राज कपूर की ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ (1978) जैसी फिल्मों से बनी थी। ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में उनके 'रूपा' वाले किरदार को काफी बोल्ड अंदाज में पेश किया गया था, जिसने उनकी ग्लैमरस और लीक से हटकर बनी स्क्रीन इमेज को और भी मजबूत कर दिया था।