IMD Heavy Rain Alert: आज पूर्वोत्तर से लेकर यूपी तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट, इन 2 दर्जन राज्यों में दिखेगा मौसम का रौद्र रूप

IMD Heavy Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 अगस्त के लिए ताजा वेदर बुलेटिन जारी करते हुए देश के दो दर्जन से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आंधी-तूफान और कड़कती बिजली का अलर्ट जारी किया है

अपडेटेड Aug 05, 2026 पर 9:30 AM
IMD Heavy Rain Alert: पूर्वोत्तर के असम और मेघालय तक मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ रहने वाला है

Aaj Ka Mausam 5 August: देश भर में मानसून की चाल एक बार फिर बेहद उग्र हो गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 अगस्त के लिए ताजा वेदर बुलेटिन जारी करते हुए देश के दो दर्जन से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आंधी-तूफान और कड़कती बिजली का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश, बिहार और पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वोत्तर के असम और मेघालय तक मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ रहने वाला है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देश के करीब 25 राज्यों में मध्यम से लेकर मूसलाधार वर्षा दर्ज की जाएगी। कई क्षेत्रों में तूफानी हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी भी दी गई है।

असम और मेघालय में रेड अलर्ट: अत्यधिक भारी बारिश का संकट


मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक पूर्वोत्तर के राज्य असम और मेघालय में आज बारिश का सबसे भयानक रूप देखने को मिल सकता है। यहां अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ जैसे हालात और पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन की गंभीर आशंका जताई गई है।

यूपी, बिहार, उत्तराखंड समेत 8 राज्यों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने देश के 8 प्रमुख राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार और भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में मानसून का सबसे ज्यादा असर दिखेगा। दोनों राज्यों के कई जिलों में गर्जन और कड़कती बिजली के साथ मूसलाधार बारिश दर्ज होगी। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के क्षेत्रों में भी बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। पूर्वी भारत के तटीय राज्य ओडिशा में बादलों की तेज आवाजाही के बीच बहुत भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। पश्चिमी भारत में कोंकण व गोवा और मध्य महाराष्ट्र के पर्वतीय व तटीय क्षेत्रों में अति भारी बारिश को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अरुणाचल प्रदेश में भी कई जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल समेत इन राज्यों में भारी बारिश

देश के 16 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश) का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में बारिश का दौर जारी रहेगा।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। केरल व माहे, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की जाएगी।

तूफानी हवाएं, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

बारिश के साथ-साथ मौसम विभाग ने देश भर में तेज आंधी, थंडरस्टॉर्म और तूफानी हवाओं को लेकर भी विस्तृत चेतावनी जारी की है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी आंधी चलने की प्रबल संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, केरल व माहे, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल और तेलंगाना में तेज चमक व गरज के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

ैरगगक

बिहार, तटीय कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 30 से 40 किमी/घंटा की गति से हवाएं चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम व मेघालय, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा, उत्तराखंड और विदर्भ के इलाकों में बिजली गिरने और बादलों की गर्जना का अलर्ट जारी किया गया है। तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल व माहे और तेलंगाना में दिन के दौरान तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।