Abhijeet Dipke Video: 'क्यों देश को खराब कर रहा है?' दिल्ली एयरपोर्ट पर CJP प्रमुख अभिजीत दीपके से भिड़ा यात्री, वीडियो वायरल

Abhijeet Dipke Video: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके बुधवार को जब दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पहुंचे, तो एक यात्री ने उनसे तीखे सवाल-जवाब किए। यह यात्री वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिपके द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर उनसे सवाल कर रहा था

अपडेटेड Oct 15, 2026 पर 8:26 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Abhijeet Dipke Video: दिल्ली एयरपोर्ट पर CJP प्रमुख अभिजीत दीपके को विरोध का सामना करना पड़ा

Abhijeet Dipke Video: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार (14 अक्टूबर) को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक यात्री से सामना हो गया। यात्री ने दीपके से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनके आंदोलन को लेकर सवाल किया। इस दौरान यात्री को यह कहते हुए सुना गया, "क्यों देश को खराब कर रहा है, भाई? क्यों देश को खराब कर रहा है?" इस घटना का एक वीडियो CNN-News18 ने जारी किया है।

यात्री वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिपके द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर उनसे सवाल कर रहा था।

वीडियो में अभिजीत दीपके एयरपोर्ट टर्मिनल से गुजरते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक यात्री उनसे सवाल करता है। दीपके यात्री की बात का जवाब देने के बजाय हाथ हिलाते हुए और अंगूठा दिखाते हुए आगे बढ़ जाते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, स्थिति को बढ़ने से रोकने के लिए एयरपोर्ट की सुरक्षा और स्थानीय पुलिस ने हस्तक्षेप किया। सुरक्षाकर्मियों ने दीपके के आसपास सुरक्षा घेरा बना लिया।


क्यों प्रदर्शन कर रही है CJP?

अभिजीत दीपके मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के 'इलेक्शन कमीशन ठीक करो' अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना देने की योजना बनाई थी। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट पर दीपके को एहतियातन हिरासत में लिए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। दीपके ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और छात्रों व युवाओं के नेतृत्व वाला आंदोलन बताते हुए सुरक्षा बलों की भारी तैनाती पर सवाल उठाए।

CJP के दो प्रवक्ता तिहाड़ जेल भेजे गए

इस बीच, CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका को बुधवार को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दोनों को दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका और पार्टी के एक अन्य नेता अजिंक्य शिंदे ने कथित तौर पर जंतर-मंतर के बंद गेट पर चढ़कर और पुलिस बैरिकेड पार करके प्रदर्शन स्थल में प्रवेश किया था। वहां उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ, जब दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को प्रदर्शनों के लिए अधिकृत स्थल की सूची से हटा दिया था। पुलिस ने नेताओं के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कीं। इनमें आपराधिक अतिक्रमण, गैरकानूनी जमावड़ा, आधिकारिक आदेशों की अवहेलना और सरकारी कर्मचारियों को कर्तव्य निभाने से रोकने जैसे आरोप शामिल हैं।

राहुल गांधी ने किया CJP नेताओं का समर्थन

CJP नेताओं की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उनके समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रदर्शन करने वाले युवा प्रदर्शनकारियों को जेल भेजे जाने की कार्रवाई की आलोचना की और इसे कायरता का कृत्य बताया। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि विपक्ष जंतर-मंतर को नागरिकों के लिए फिर से हासिल करेगा, ताकि लोग वहां अपनी मांगों और मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठा सकें। इसके बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर राहुल गांधी का समर्थन के लिए आभार जताया।

एयरपोर्ट की घटना से बढ़ी राजनीतिक चर्चा

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री और अभिजीत दीपके के बीच हुई यह बातचीत ऐसे समय सामने आई है, जब SIR प्रक्रिया, चुनाव आयोग की भूमिका और जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन की अनुमति को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है। एक तरफ CJP चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रदर्शन के तरीके और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी बहस तेज हो गई है। इस बीच, एयरपोर्ट पर यात्री द्वारा पूछे गए सवाल और दीपके की प्रतिक्रिया ने इस पूरे घटनाक्रम को एक नया मोड़ दे दिया है।

ये भी पढ़ें- अमेरिकी डोनर्स दे रहे CJP को पैसा! ये दावा करने वाली अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन कौन हैं?

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।