त्योहारी सीजन से पहले AC और TV की कीमतें 5-8% बढ़ीं, अप्लायंस बनाने वाली कंपनियों को बिक्री में डबल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद
कीमतों में हालिया बढ़ोतरी इस साल कीमतों में बढ़त का तीसरा दौर है। अप्लायंस मैन्युफैक्चरर्स का कहना है कि कीमतों में इस बढ़त में तांबा, एल्युमीनियम, स्टील और कच्चे तेल से बनने वाले उत्पादों की बढ़ती लागत, माल ढुलाई पर बढ़ते खर्च और करेंसी में उतार-चढ़ाव का सबसे बड़ा हाथ है
हायर अप्लायंसेज इंडिया के CEO एन.एस. सतीश ने PTI को बताया कि फेस्टिव सीज़न के दौरान इंडस्ट्री में डबल-डिजिट ग्रोथ होने की उम्मीद है
देश में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले एयर कंडीशनर और दूसरे कंज्यूमर अप्लायंसेज की कीमतें 5-8% बढ़ गई हैं, लेकिन मैन्युफैक्चरर्स को उम्मीद है कि इनकी जबरदस्त डिमांड से बिक्री में डबल-डिजिट ग्रोथ होने की उम्मीद है। कंज्यूमर प्रीमियम प्रोडक्ट्स, रिप्लेसमेंट और आसान फाइनेंसिंग का विकल्प चुन रहे हैं। इससे अप्लायंसेज की बिक्री को सपोर्ट मिल सकता है। कीमतों में हालिया बढ़ोतरी इस साल कीमतों में बढ़त का तीसरा दौर है। अप्लायंस मैन्युफैक्चरर्स का कहना है कि कीमतों में इस बढ़त में तांबा, एल्युमीनियम, स्टील और कच्चे तेल से बनने वाले उत्पादों की बढ़ती लागत, माल ढुलाई पर बढ़ते खर्च और करेंसी में उतार-चढ़ाव का सबसे बड़ा हाथ है।
कीमतें बढ़ने के बावजूद, अप्लायंस इंडस्ट्री के लिए फेस्टिव सीज़न की शुरुआत अच्छी रहा है। अप्लायंस मैन्युफैक्चरर्स ने दक्षिण भारत में ओणम के दौरान अच्छी बिक्री की जानकारी दी है। कंपनियों को उम्मीद है कि प्रीमियम प्रोडक्ट्स के प्रति बढ़ते रुझान, रिप्लेसमेंट मांग और कंज्यूमर फाइनेंसिंग की वजह से नवरात्रि और दिवाली के दौरान भी अच्छी मांग बनी रह सकती है।
ग्राहकों का रुझान तेजी से ज्यादा क्षमता वाले, कई फ़ीचर्स वाले और एनर्जी-एफ़िशिएंट अप्लायंसेज़ के साथ-साथ स्मार्ट कनेक्टेड प्रोडक्ट्स की ओर बढ़ रहा है। हालांकि बिक्री की मात्रा पर कीमतों के बढ़ने का असर पड़ सकता है,लेकिन प्रीमियम प्रोडक्ट्स की ओर बढ़ते रुझान से कुल वैल्यू ग्रोथ को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
कुछ मैन्युफैक्चरर्स का मानना है कि निकट भविष्य में कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीमित रहेगा, क्योंकि डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने प्री-बाइंग स्कीम के ज़रिए पहले की कीमतों पर खरीदे गए प्रोडक्ट्स का स्टॉक जमा कर रखा है।
हायर अप्लायंसेज को बिक्री में डबल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद
हायर अप्लायंसेज इंडिया के CEO एन.एस. सतीश ने PTI को बताया कि फेस्टिव सीज़न के दौरान इंडस्ट्री में डबल-डिजिट ग्रोथ होने की उम्मीद है। हायर को उम्मीद है कि फेस्टिव सीज़न में उसकी बिक्री (वैल्यू के हिसाब से) 30-35% बढ़ेगी, जबकि यूनिट बिक्री में लगभग 20% की बढ़ोतरी हो सकती है। सतीश ने पूरी इंडस्ट्री में लगभग 10-15% ग्रोथ की उम्मीद जताई। उनका कहना है कि जिन ग्राहकों ने पहले से ही कोई अप्लायंस खरीदने का प्लान बना रखा है,वे या तो बजट में रहने के लिए कम क्षमता वाला प्रोडक्ट चुन सकते हैं या फिर प्रीमियम मॉडल लेने के लिए EMI फाइनेंसिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हायर (Haier) ने 1 अक्टूबर से रूम एयर कंडीशनर की कीमतें लगभग 5% बढ़ा दी हैं, जबकि LED टीवी और वॉशिंग मशीन जैसे प्रोडक्ट्स की कीमतों में 2-3% की बढ़ोतरी हुई है।
प्रीमियम प्रोडक्ट्स फाइनेंसिंग से डिमांड बढ़ने की उम्मीद
LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के को-चीफ सेल्स और मार्केटिंग ऑफिसर संजय चितकारा ने कहा कि कंपनी फेस्टिव सीज़न को लेकर उम्मीद बनाए हुए है,जिसकी शुरुआत अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में नवरात्रि से होती है। कंपनी को त्योहारों से पहले अच्छी खासी पूछताछ देखने को मिली है और उसे उम्मीद है कि घर खरीदने और अपग्रेड करने से मांग बढ़ेगी। ग्राहक न सिर्फ़ रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टेलीविज़न और एयर कंडीशनर बदल रहे हैं, बल्कि डिशवॉशर, माइक्रोवेव ओवन, ऑडियो प्रोडक्ट और वॉटर प्यूरीफ़ायर में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
चितकारा ने कहा कि GST में बदलाव और त्योहारों के दौरान EMI स्कीमों से चीज़ें खरीदना आसान हुआ है, जिससे मांग बढ़ने की उम्मीद है। LG की 'एसेंशियल सीरीज़' को टियर-2 और टियर-3 शहरों में पहली बार खरीदने वाले ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
सोनी इंडिया को सेल्स वैल्यू में 15-20% बढ़ोतरी की उम्मीद
सोनी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील नय्यर को उम्मीद है कि प्रीमियम प्रोडक्ट्स, नए लॉन्च और ग्राहकों के लिए खास ऑफ़र की वजह से त्योहारों के मौसम में बिक्री की वैल्यू में 15-20% की बढ़ोतरी होगी। सोनी को उम्मीद है कि उसके इमेजिंग बिज़नेस में 30% से ज़्यादा की बढ़ोतरी हो सकती है। जबकि टेलीविज़न की मांग प्रीमियम BRAVIA मॉडल और बड़ी स्क्रीन वाले टीवी से बढ़ेगी। कंपनी को हेडफ़ोन, साउंडबार और पार्टी स्पीकर की भी अच्छी मांग की उम्मीद है।
गोदरेज को भी अच्छी सेल्स ग्रोथ की उम्मीद
गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के अप्लायंसेज डिविजन के हेड कमल नंदी ने कहा कि कंपनी ने ओणम के दौरान अच्छी बिक्री की है और उम्मीद है कि त्योहारों के मौसम में दूसरे इलाकों में भी मांग बढ़ेगी।
गोदरेज अप्लायंसेज ने 1 अक्टूबर से रूम AC की कीमतें भी बढ़ा दी हैं। हालांकि, ग्राहकों को कुछ समय तक पुराने स्टॉक के कारण बढ़ी हुई कीमतों से पहले वाली कीमतों पर ही प्रोडक्ट मिल सकते हैं।
नंदी ने कहा कि मौजूदा स्टॉक लगभग एक से डेढ़ महीने तक चल सकता है, जिसका मतलब है कि कीमतें पूरी तरह बढ़ने से पहले, दिवाली तक कुछ प्रोडक्ट्स पुरानी कीमतों पर ही बिकते रह सकते हैं।
क्या कहती है इंडस्ट्री रिपोर्ट?
सेक्टर की रिपोर्ट्स के मुताबिक,ओणम से लेकर दशहरा और दिवाली तक के त्योहारों के मौसम में अप्लायंस बनाने वाली कंपनियों की सालाना बिक्री का लगभग 30-40% हिस्सा होता है।
बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप और कॉन्फेडरेशन ऑफ़ इंडियन इंडस्ट्री की एक संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कंज्यूमर ड्यूरेबल्स मार्केट के सालाना 8-10% की दर से बढ़ने और 2030 तक 3-3.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।