Credit Cards

परिवार से किया ये आखिरी वादा पूरा नहीं कर पाई 'मैथिली', अहमदाबाद हादसे में महाराष्ट्र की एयर होस्टेस की मौत

Ahmedabad Air India Plane Crash : विमान के मुख्य पायलट कैप्टन सुमित पुष्करराज सभरवाल (56) मुंबई के पवई इलाके के जल वायु विहार में अपने वृद्ध माता-पिता के साथ रहते थे। को-पायलट क्लाइव कुंदर, मुंबई के पश्चिमी उपनगरों से ताल्लुक रखते थे। केबिन क्रू सदस्य दीपक पाठक ठाणे जिले के बदलापुर में रहते थे। उनकी बहन ने बताया कि लंदन रवाना होने से पहले उन्होंने अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी

अपडेटेड Jun 13, 2025 पर 7:18 PM
Story continues below Advertisement
Ahmedabad Air India Plane Crash : अहमदाबाद विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।

Ahmedabad Air India Plane Crash : अहमदाबाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुए विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही प्लेन क्रैश हो गया। इस हादसे में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। एयर इंडिया के विमान AI171 में क्रू मेंबर के साथ 242 यात्री सवार थे। इस विमान दुर्घटना में केवल एक यात्री की जान बच सकी जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं इस हादसे के बाद मृतकों की कई ऐसी कहानियां सामने आ रही हैं, जो किसी को भी रूला दें। ऐसी ही इमोशनल कहानी विमान की क्रू मेंबर मैथिली पाटिल की है, जो अब इन दुनिया में नहीं रहीं और जाते-जाते उनका परिवार से किया हुआ एक वादा भी अधूरा रह गया है।

23 साल की एयर होस्टेस की मौत

लंदन रवाना होने से पहले एयर इंडिया की क्रू मेंबर मैथिली पाटिल ने अपने पिता मोरेश्वर पाटिल से वादा किया था कि वह सुरक्षित पहुंचने के बाद उन्हें कॉल करेंगी। लेकिन वह कॉल कभी नहीं आया। 23 साल की मैथिली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 में बतौर क्रू मेंबर थीं। यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हादसे का शिकार हो गया था। मैथिली उस फ्लाइट के 12 क्रू मेंबर्स में शामिल थीं। न्हावा गांव की रहने वाली मैथिली पाटिल ने करीब दो साल पहले एयर इंडिया में बतौर क्रू मेंबर अपनी नौकरी शुरू की थी। वह ओएनजीसी में ठेके पर काम करने वाले एक श्रमिक की बेटी थीं।


पिता से किया था ये वादा 

गांव के पूर्व सरपंच और उनके रिश्तेदार जितेंद्र म्हात्रे ने बताया कि उड़ान से कुछ ही मिनट पहले मैथिली ने अपने पिता से फोन पर बात की थी और भरोसा दिलाया था कि वह लंदन पहुंचकर जरूर फोन करेंगी। बताया जा रहा है कि इस फ्लाइट के दो पायलटों सहित कुल नौ क्रू सदस्य महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते थे। एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (AI171), जिसमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य सवार थे, गुरुवार दोपहर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक मेडिकल हॉस्टल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, इस भीषण हादसे में कुल 241 लोगों की जान चली गई। जबकि केवल एक व्यक्ति ही जीवित बच पाया। मृतकों में 12 लोग महाराष्ट्र से थे।

मुंबई के रहने वाले थे दोनों पायलट

विमान के मुख्य पायलट कैप्टन सुमित पुष्करराज सभरवाल (56) मुंबई के पवई इलाके के जल वायु विहार में अपने वृद्ध माता-पिता के साथ रहते थे। को-पायलट क्लाइव कुंदर, मुंबई के पश्चिमी उपनगरों से ताल्लुक रखते थे। केबिन क्रू सदस्य दीपक पाठक ठाणे जिले के बदलापुर में रहते थे। उनकी बहन ने बताया कि लंदन रवाना होने से पहले उन्होंने अपनी मां से फोन पर बातचीत की थी। दीपक पिछले 11 वर्षों से एयर इंडिया से जुड़े हुए थे और इस नौकरी को लेकर बेहद समर्पित थे।

ट्रैवल इन्फ्लुएंसर थीं रोशनी

एयर इंडिया हादसे में जान गंवाने वालों में अपर्णा महादिक (43) भी शामिल थीं, जो मुंबई के गोरेगांव इलाके में रहती थीं। उनके पति भी एयर इंडिया में क्रू मेंबर के तौर पर कार्यरत हैं। अपर्णा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता सुनील तटकरे की रिश्तेदार थीं। दुर्घटना में रोशनी राजेंद्र सोंघरे और सैनीता चक्रवर्ती का नाम भी सामने आया है, जो क्रमशः डोंबिवली और जुहू कोलीवाड़ा की निवासी थीं। रोशनी, सोशल मीडिया पर एक लोकप्रिय ट्रैवल इन्फ्लुएंसर थीं और इंस्टाग्राम पर उनके 54,000 से ज्यादा फॉलोअर्स थे।

हादसे में सोलापुर के हातिद गांव से ताल्लुक रखने वाले महादेव पवार (68) और उनकी पत्नी आशा पवार (60) भी शामिल थे। वे करीब 15 साल पहले सांगोला से गुजरात शिफ्ट हो गए थे और इस यात्रा पर अपने बेटे से मिलने लंदन जा रहे थे। इसके अलावा, नागपुर के व्यापारी मनीष कामदार की बेटी यशा कामदार मोधा (32) भी इस दुखद घटना का शिकार हुईं। वह अपने छोटे बेटे रुद्र और सास रक्षाबेन के साथ लंदन जा रही थीं, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों की जान इस दुर्घटना में चली गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।