'मैं कूदा नहीं था बल्कि...', मौत को अकेले मात देने वाले पैंसेजर विश्वास कुमार रमेश ने बताया हादसे का खौफनाक मंजर

Ahmedabad Air India Plane Crash : अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को याद करते हुए कहा विश्वास कुमार रमेश कि, वह पल आज भी उनकी आंखों के सामने ताजा है। मीडिया से बात करते हुए विश्वास ने बताया, "मुझे अभी तक यकीन नहीं हो रहा कि मैं ज़िंदा हूं। सब कुछ मेरी आंखों के सामने हुआ। एक पल को तो मुझे लगा कि मेरी मौत तय है।" उन्होंने कहा कि जब विमान ने उड़ान भरी, उसके सिर्फ 10 सेकंड बाद ही दुर्घटना हो गई

अपडेटेड Jun 13, 2025 पर 4:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विमान के सीट नंबर 11-A पर बैठे ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बच गए हैं।

Ahmedabad Air India plane crash : अहमदाबाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास हुए विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही प्लेन क्रैश हो गया। इस हादसे में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। एयर इंडिया के विमान AI171 में क्रू मेंबर के साथ 242 यात्री सवार थे, जिसमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। इस भीषण हादसे में केवल एक ही यात्री की जान बच पाई है बाकि सभी 241 लोगों की मौत हो गई है। विमान के सीट नंबर 11-A पर बैठे हुए भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बच गए हैं।

ब्रिटिश नागरिक ने बताया वो डरावना पल

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को याद करते हुए कहा कि वह पल आज भी उनकी आंखों के सामने ताजा है। डीडी न्यूज से बात करते हुए विश्वास ने बताया, "मुझे अभी तक यकीन नहीं हो रहा कि मैं ज़िंदा हूं। सब कुछ मेरी आंखों के सामने हुआ। एक पल को तो मुझे लगा कि मेरी मौत तय है।" उन्होंने कहा कि जब विमान ने उड़ान भरी, उसके सिर्फ 10 सेकंड बाद ही दुर्घटना हो गई। विश्वास ने बताया, "ऐसा लग रहा था जैसे विमान कहीं अटक गया हो। फिर अचानक लाइटें जल गईं और कुछ ही पल में प्लेन तेज़ी से आगे बढ़ा – और फिर ज़ोर की टक्कर हुई।" उनके अनुसार सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।


“दरवाज़ा टूटा और मैं भाग निकला”

विश्वास कुमार रमेश ने बताया कि वे उस तरफ बैठे थे, जहां प्लेन इमारत की बजाय खुले मैदान में गिरा। उन्होंने कहा, "मेरे पास की ज़मीन एकदम समतल थी। जैसे ही दरवाज़ा टूटा, मैंने देखा कि बाहर निकलने का रास्ता है – और मैं तुरंत वहां से भाग गया।" विश्वास को बाएं हाथ में हल्की जलन जरूर हुई, लेकिन वह सुरक्षित बच निकले। उन्होंने दुख जताते हुए कहा, "जहां प्लेन इमारत से टकराया, उस तरफ से कोई बाहर नहीं निकल सका।"

दुर्घटना के तुरंत बाद पिता को किया फोन

बातचीत में विश्वास के भाई नयन कुमार रमेश ने कहा कि, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि उनका भाई बच गया। उन्होंने बताया कि हादसे के कुछ ही मिनट बाद विश्वास ने लीसेस्टर में अपने पिता को फोन कर बताया कि वह सुरक्षित हैं। विश्वास कुमार रमेश के भाई ने बताया कि जब विमान हादसे का शिकार हुआ, तो विश्वास ने तुरंत अपने पिता को वीडियो कॉल किया और कहा, “पापा, प्लेन क्रैश हो गया है। मुझे नहीं पता मेरा भाई कहां है। मुझे कोई और यात्री दिखाई नहीं दे रहा है। समझ नहीं आ रहा कि मैं जिंदा कैसे बचा, या विमान से बाहर कैसे निकल पाया।”

टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ हादसा

एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। विमान, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में विमान में सवार 242 लोग और जमीन पर मौजूद कई अन्य लोग जान गंवा बैठे। विमान एक ऐसी इमारत से टकराया जो डॉक्टर्स का हॉस्टल था। वहीं इस दुर्घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद मौके का दौरा किया और बचाव कार्यों में जुटे अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने जांच और राहत कार्यों के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।