AI, डिफेंस और ट्रेड में भारत-अमेरिका की दोस्ती बनेगी '21वीं सदी की ग्लोबल ताकत', अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का बड़ा बयान

Sergio Gor: गोर के अनुसार, भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे की जरूरतें अमेरिकी विशेषज्ञता के साथ पूरी तरह मेल खाती हैं। यह दोनों देशों के व्यापार के लिए एक बड़ा अवसर है

अपडेटेड Apr 01, 2026 पर 11:45 AM
Story continues below Advertisement
अमेरिकी राजदूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी संबंधों का विशेष रूप से उल्लेख किया

Sergio Gor: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही है। उन्होंने कहा है कि दोनों देशों के बीच की साझेदारी न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों पर टिकी है, बल्कि यह आने वाले समय में ग्लोबल पावर बैलेंस को तय करेगी। राजदूत गोर ने 'SPAN' मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में रक्षा, व्यापार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को इस दोस्ती के सबसे मजबूत स्तंभ बताया है।

पीएम मोदी और ट्रंप की दोस्ती

अमेरिकी राजदूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी संबंधों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच के निजी संबंध भारत और अमेरिका के बीच पहले से ही मजबूत रिश्तों को और अधिक गहराई देते हैं। गोर ने अपनी कूटनीति को 'रिजल्ट ओरिएंटेड' बताया। उनके अनुसार, उनकी हर मुलाकात और कॉल का मकसद अमेरिका और भारत के लिए एक 'विन-विन' वाली स्थिति पैदा करना है।


'डिफेंस और ट्रेड' दोस्ती के सबसे मजबूत आधार

सर्जियो गोर ने रक्षा सहयोग को रणनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण बताया। भारत को अमेरिका का 'मेजर डिफेंस पार्टनर' बताते हुए उन्होंने मालाबार और टाइगर ट्रायम्फ जैसे सैन्य अभ्यासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच बढ़ता तालमेल एक मिसाल है। गोर के अनुसार, भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे की जरूरतें अमेरिकी विशेषज्ञता के साथ पूरी तरह मेल खाती हैं। यह दोनों देशों के व्यापार के लिए एक बड़ा अवसर है।

चीन पर निर्भरता कम करने का प्लान

उभरती हुई तकनीकों और सप्लाई चेन को लेकर सर्जियो गोर ने भविष्य का रोडमैप साझा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर ऐसी सप्लाई चेन बना रहे हैं जो किसी एक देश पर निर्भर न हो। इससे भविष्य के जोखिम कम होंगे। गोर ने AI के क्षेत्र में आपसी सहयोग की वकालत की। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि इस पर बहुत ज्यादा वैश्विक रेगुलेशन नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'AI हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा है, हमें इसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना सीखना होगा।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।