Travel Anxiety : क्या एयर इंडिया दुर्घटना के बाद आपके मन में भी ट्रैवल को लेकर एंग्जाइटी आ गई? क्या आप भी फ्लाइट टिकट बुक करने से पहले विमान का मॉडल चेक कर रहे हैं। हाल की घटनाओं ने एविएशन और पर्यटन दोनों को ही प्रभावित किया है। एयर इंडिया दुर्घटना के बाद लोग ट्रैवल एंग्जाइटी के शिकार हो रहे हैं। अब सिर्फ ये जरूरी नहीं है कि कहां जाना है, बल्कि किस माध्यम से जाना है, ये ज्यादा जरूरी हो गया है। लोकल सर्कल सर्वे के मुताबिक 41 फीसदी भारतीय हवाई यात्री अब उड़ान से पहले एयरक्राफ्ट का टाइप देख रहे हैं। 56 फीसदी लोगों ने सरकार से बोइंग 787-8 को जांच पूरी होने तक ग्राउंड करने की मांग की है।
भारत पाकिस्तान टेशन की वजह से उत्तर भारत में पर्यटन पहले ही प्रभावित है। अब इज़राइल-ईरान विवाद के कारण मिडिल ईस्ट से हवाई मार्ग भी बंद हो गए हैं। यूरोप या अमेरिका की फ्लाइट्स की अवधि 45 मिनट से लेकर डेढ़ घंटे तक बढ़ गई है। ट्रैवल इंडस्ट्री के मुताबिक ट्रैवल में करीब 30 फीसदी की गिरावट आई है। इस एंजाइटी का असर एयर इंडिया के अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के टिकट पर पड़ा है जो पहले के मुकाबले 30-70 फीसदी तक सस्ती हो गई हैं। हालांकि ट्रैवल सेक्टर को उम्मीद है की धीरे-धीरे लोग इस ट्रैवल एंजाइटी से बाहर आ जाएंगे।
इस बीच अहमदाबाद विमान हादसे के बाद फ्लाइट्स रद्द होने का सिलसिला जारी है। आज भी एयर इंडिया की कई फ्लाइट्स मेंटेनेंस और ऑपरेशनल कारणों से रद्द हुईं हैं। इंडिगो की मदुरै जाने वाली फ्लाइट भी चेन्नई वापस लौट आई है।
आज जो इंटरनेशनल उड़ानें रद्द हुई हैं उसमें AI906 (दुबई-चेन्नई), AI308 (दिल्ली-मेलबर्न), AI309 (मेलबर्न-दिल्ली) और AI2204 (दुबई-हैदराबाद) फ्लाइट शामिल हैं। वहीं, जो घरेलू उड़ानें रद्द हुई हैं उसमें AI874 (पुणे-दिल्ली), AI456 (अहमदाबाद-दिल्ली), AI2872 (हैदराबाद-मुंबई) और AI571 (चेन्नई-मुंबई) शामिल हैं।
21 जून-15 जुलाई तक एयर इंडिया (AI) की कई फ्लाइट्स कम होंगी। 38 इंटरनेशनल उड़ानें प्रति सप्ताह कम होंगी। दिल्ली-नैरोबी, अमृतसर-लंदन गैटविक रूट सस्पेंड रहेगी। गोवा-लंदन गैटविक रूट सस्पेंड कर दिया गया है। यात्रियों के बोर्डिंग के बाद भी कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। दिल्ली-बाली फ्लाइट ज्वालामुखी विस्फोट की वजह से मिडवे लौटी है।
इंडिगो की मदुरै जाने वाली फ्लाइट चेन्नई वापस लौटाई गई है। उड़ान भरने के 30 मिनट बाद इसमें मिड-एयर तकनीकी खराबी आई थी। इसके चलते पायलट ने तुरंत चेन्नई लौटने की अनुमति मांगी। इस विमान में करीब 68 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित उतार लिए गए।