Air India: एयर इंडिया फ्लाइट को हाईजैक की धमकी! वॉशरूम के शीशे पर लिखा था नोट, कोलकाता एयरपोर्ट पर हड़कंप

Air India Flight Hijack Threat News: कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 772) के वॉशरूम में टेक-ऑफ से ठीक पहले हाईजैक की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पायलट के तुरंत अलर्ट जारी करने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारकर CISF द्वारा सघन तलाशी ली जा रही है

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 1:47 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
टेक-ऑफ से ठीक पहले हाईजैक की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया

Air India Flight Hijack Threat News: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान में संभावित हाईजैक की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के टेक-ऑफ करने से ठीक पहले उसके वॉशरूम के अंदर एक धमकी भरा संदेश लिखा हुआ मिला।

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, विमान के वॉशरूम के शीशे पर हाईजैक की धमकी से जुड़ा एक संदेश देखा गया था, जिसके तुरंत बाद पायलट ने उड़ान भरने से कुछ ही पल पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी और अलर्ट जारी किया।

फ्लाइट AI 772 को आइसोलेशन बे में भेजा गया


एयरपोर्ट के सूत्रों के अनुसार, यह विमान AI 772 है, जो एयरबस A320neo विमान द्वारा संचालित किया जाता है। धमकी मिलने के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और एयरक्राफ्ट को तुरंत एक आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इस मामले में अभी तक अधिकारियों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

CISF और सुरक्षा बलों की ताबड़तोड़ तलाशी

न्यूज 18 द्वारा एक्सेस किए गए एक वीडियो में कोलकाता एयरपोर्ट पर भारी सुरक्षा बल और व्यापक तलाशी अभियान साफ तौर पर देखा जा सकता है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान और एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी विमान और उसके चप्पे-चप्पे की गहन जांच-पड़ताल कर रहे हैं। यात्रियों के सामान की भी दोबारा स्क्रूटनी की जा रही है ताकि किसी भी अनहोनी या खतरे से पूरी तरह निपटा जा सके।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।