Air India Flight News: बाली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट वापस दिल्ली लौटी, ज्वालामुखी विस्फोट के बाद एयरलाइन ने लिया फैसला

Air India Flight News: एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से बाली जा रही एयर इंडिया की उड़ान को सुरक्षा के हित में वहां के एयरपोर्ट के पास एक ज्वालामुखी विस्फोट की रिपोर्ट के कारण राष्ट्रीय राजधानी लौटने की सलाह दी गई। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि उड़ान दिल्ली में सुरक्षित रूप से वापस आ गई है। सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया है

अपडेटेड Jun 18, 2025 पर 10:55 AM
Story continues below Advertisement
Air India News: लगातार हो रही विमानन दुर्घटनाओं ने उड़ान सुरक्षा और विमान रखरखाव प्रोटोकॉल को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं

Air India Flight News: दिल्ली से इंडोनेशिया के बाली जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट वापस राष्ट्रीय राजधानी लौट आई है। बाली एयरपोर्ट के पास ज्वालामुखी विस्फोट की खबरों के बाद एयरलाइन की तरफ से यह फैसला लिया गया। नवंबर 2024 में इस ज्वालामुखी के कई विस्फोटों में 9 लोगों की मौत हो गई थी और हजारों लोगों को निकालना पड़ा था। उस समय भी बाली के लिए कई इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द हुई थीं। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से बाली जा रही एयर इंडिया की उड़ान को सुरक्षा के हित में वहां के एयरपोर्ट के पास एक ज्वालामुखी विस्फोट की रिपोर्ट के कारण राष्ट्रीय राजधानी लौटने की सलाह दी गई।

एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि उड़ान दिल्ली में सुरक्षित रूप से वापस आ गई है। सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया है। बयान में कहा गया है, "एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI2145 18 जून को दिल्ली से बाली तक सुरक्षा के हित में बाली एयरपोर्ट के पास ज्वालामुखी विस्फोट की रिपोर्ट के कारण दिल्ली लौटने की सलाह दी गई थी।"

एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों के होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रियों को उड़ान रद्द करने या किसी और उड़ान के लिए पूरा रिफंड देने की पेशकश की गई है। एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को इंडोनेशिया के लोकप्रिय रिजॉर्ट द्वीप से दर्जनों उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।


दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण मंगलवार शाम 12 उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण दोपहर तीन से चार बजे के बीच 12 उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया ने X पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण उड़नों का सर्विस प्रभावित हो रहा है। कुछ उड़ानों का रूट्स परिवर्तित कर दिया गया है।

बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों से संचालित होने वाली कम से कम 66 उड़ानों को रद्द किए जाने के बीच विमानन क्षेत्र के नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की है। समीक्षा बैठक में DGCA ने एअर इंडिया में हाल में सामने आए रखरखाव संबंधी मुद्दों के बारे में चिंता जताई।

अहमदाबाद में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद 13 जून को डीजीसीए ने एएर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया जिसमें 787-8 के 26 और 787-9 के सात विमान शामिल हैं। अहमदाबाद में 12 जून को हुई विमान दुर्घटना में 241 यात्रियों की मौत हो गई थी।

डीजीसीए ने एक बयान में कहा, "एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की हाल में की गई निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई। विमान और उससे संबंधित रखरखाव सिस्टम मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गई।" इसने कहा कि एयर इंडिया ने 12 जून से 17 जून के बीच बोइंग 787 से संचालित होने वाली 66 उड़ानें रद्द की हैं। इस अवधि के दौरान, एयरलाइन ने बी787 के साथ 248 उड़ानें संचालित कीं।

ये भी पढ़ें- 'भारत ने अमेरिका से मध्यस्थता या व्यापार पर चर्चा नहीं की': सीजफायर पर ट्रंप से बोले पीएम मोदी, 'ऑपरेशन सिंदूर' पर हुई अहम चर्चा

रखरखाव से संबंधित मुद्दों को दूर करने के लिए डीजीसीए ने टाटा समूह के स्वामित्व वाली विमानन कंपनियों को कुछ निर्देश जारी किए हैं। बयान में कहा गया, "विमानन कंपनी को इंजीनियरिंग, परिचालन, रखरखाव इकाइयों में आंतरिक समन्वय को मजबूत करने और इस तरह की खामियों के कारण विमान संचालन में होने वाली देरी को कम करने के लिए अतिरिक्त विमान उपलब्धता सुनिश्चित करें और नियमों का सख्ती से पालन करें।" एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस प्रतिदिन 1,000 से अधिक उड़ानें संचालित करते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।