12 जून की दोपहर हमेशा के लिए बदल गई। मेघाणी नगर की गलियों में लोग रोज की तरह अपने घरों में थे, जब अचानक जमीन कांप उठी, खिड़कियां और दरवाजे अपने आप खुल गए, और कुछ ही दूरी पर – महज 20 मीटर दूर – Air India की लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 आकर बी.जे. मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिर गई। 242 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर उड़ा यह विमान टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सिर्फ एक यात्री बच पाया, जबकि विमान में मौजूद बाकी सभी की मौत हो गई। हादसे की चपेट में आकर जमीन पर मौजूद 29 लोग भी जान गंवा बैठे।
