Ajit Pawar Plane Crash: पिछले महीने एक दर्दनाक विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार ने दुर्घटना के पीछे गंभीर चूक होने की आशंका को लेकर गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि विमान का ब्लैक बॉक्स इतनी आसानी से नष्ट नहीं हो सकता। उन्होंने वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (VSR Ventures Private Limited) पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की। इसी एयरलाइन कंपनी के लीयरजेट 45XR विमान के 28 जनवरी को बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से जय के पिता अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
जय पवार ने बुधवार (18 फरवरी) को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "ब्लैक बॉक्स को इतनी आसानी से नष्ट नहीं किया जा सकता। महाराष्ट्र के लोगों को दुर्घटना की पारदर्शी और पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है।" VSR एविएशन पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए उन्होंने आगे कहा, "विमानन कंपनी की गंभीर चूक की आशंका और अनियमितताओं की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।"
उनका यह बयान महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और NCP नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात और विमान दुर्घटना की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग के एक दिन बाद आया है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने मंगलवार को कहा कि घातक दुर्घटना वाले लीयरजेट 45 विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।
रोहित पवार ने भी की जांच की मांग
इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने भी मांग की है कि अजित पवार के विमान हादसे की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू को उनके पद से हटा दिया जाए। NCP नेता अजित पवार के भतीजे रोहित ने यह भी दावा किया कि वीएसआर कंपनी को बचाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नागर विमानन मंत्री और उनकी पार्टी (तेलुगु देशम पार्टी) वीएसआर कंपनी के मालिकों के करीबी हैं। उन्होंने दावा किया, "महाराष्ट्र के कुछ पूर्व मंत्रियों और आंध्र प्रदेश के शीर्ष तेदेपा मंत्रियों ने वीएसआर के मालिक वीके सिंह के बेटे रोहित सिंह की शादी में शिरकत की थी। कंपनी को संचालन की अनुमति प्राप्त है। शीर्ष नेता अभी भी कंपनी के लीयरजेट विमानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।"
रोहित पवार ने कहा कि नैतिक आधार पर नायडू को नागर विमानन मंत्री के पद पर नहीं रहना चाहिए। NCP (SP) नेता ने कहा कि अभी तक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट भी नहीं आई है। इसलिए यह मानने का कारण है कि वीएसआर कंपनी को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि उनकी चाची और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित NCP नेतृत्व ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस दौरान विमान हादसे में अजित पवार की मौत के मामले की CBI से जांच कराए जाने की मांग की।
सुनेत्रा पवार, NCP के वरिष्ठ नेताओं सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, हसन मुश्रीफ और बड़े बेटे पार्थ पवार के साथ मंगलवार को फडणवीस से मिलीं। उन्होंने इस दौरान सीबीआई जांच की मांग करते हुए एक पत्र सौंपा। रोहित पवार ने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। रिपोर्ट को एक ऐसी समिति को सौंपा जाना चाहिए जिसमें विमानन विशेषज्ञ और नेता शामिल हों।