Get App

'कांग्रेस ने ED बनाई थी, आज खुद परेशान हैं': अखिलेश यादव का गांधी परिवार पर तंज, प्रवर्तन निदेशालय को खत्म करने का दिया सुझाव

Akhilesh Yadav News: ओडिशा के दो दिवसीय दौरे के दौरान भुवनेश्वर में पत्रकारों से बात करते हुए समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस से प्रवर्तन निदेशालय (ED) को खत्म करने की मांग करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो उसने ED बनाया था

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Apr 16, 2025 पर 6:38 PM
'कांग्रेस ने ED बनाई थी, आज खुद परेशान हैं': अखिलेश यादव का गांधी परिवार पर तंज, प्रवर्तन निदेशालय को खत्म करने का दिया सुझाव
Akhilesh Yadav News: अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने ईडी को बनाया और अब उसी संगठन के कारण वह मुश्किल में है

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार (16 अप्रैल) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) को खत्म करने का सुझाव दिया। साथ ही गांधी परिवार पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए कई पार्टियों के विरोध के बावजूद ईडी कानून बनाया था। लेकिन आज उन्हें भी ED से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय को भंग कर देना चाहिए, क्योंकि आर्थिक अपराधों की जांच के लिए अन्य एजेंसियां ​​भी हैं।

पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर जाते समय भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो उसने प्रवर्तन निदेशालय बनाया था। अब उसे इसी एजेंसी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस द्वारा इस जांच एजेंसी के खिलाफ किए गए देशव्यापी प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मैं नेशनल हेराल्ड के बजाय ईडी पर बोलना चाहूंगा। कांग्रेस ने ईडी को बनाया और अब उसी संगठन के कारण वह मुश्किल में है। मैंने पहले एक बहुत वरिष्ठ पत्रकार से कहा था कि आर्थिक अपराधों की जांच के लिए आयकर विभाग जैसी कई संस्थाएं हैं। इसलिए ईडी की कोई जरूरत नहीं है। इसे भंग कर देना चाहिए।"

प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा अन्य के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दायर किया है। इसमें उन पर 988 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 'डबल इंजन' शासन मॉडल की सफलता के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दोनों इंजन अलग-अलग लाइन में चल रहे हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें