Ahmedabad Plane Crash: 'इतनी तेज फैली आग कि किसी को बचाने का नहीं मिला मौका', एयर इंडिया हादसे पर अमित शाह

Plane Crash: केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, 'इस विमान में कुल मिलाकर देश और विदेश के 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से 1 यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है। मैं उनको मिलकर आया हूं। मृत्यु का आकड़ा DNA टेस्टिंग और यात्रियों की पहचान के बाद ही अधिकृत रूप से जारी होगा

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 10:29 PM
Story continues below Advertisement
अमित शाह ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय और गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक भी की

Ahmedabad Plane Crash: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार शाम को अहमदाबाद के असारवा स्थित सिविल अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने एयर इंडिया की उड़ान AI171 के दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद में एयर इंडिया की उड़ान AI171 के दुखद दुर्घटना के बाद पूरा देश शोक में है। इस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए अमित शाह ने आश्वासन दिया कि सरकार इस अकल्पनीय दुख की घड़ी में मृतकों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें पूरा समर्थन दे रही है।

अमित शाह ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग इतनी तेजी से फैली की कुछ भी बचाने का कोई मौका नहीं था। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, 'इस विमान में कुल मिलाकर देश और विदेश के 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से 1 यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है। मैं उनको मिलकर आया हूं। मृत्यु का आकड़ा DNA टेस्टिंग और यात्रियों की पहचान के बाद ही अधिकृत रूप से जारी होगा। घटना के तुरंत बार गुजरात सरकार ने आपदा प्रबंधन की सारी इकाइयों को अलर्ट करते हुए मिलकर राहत बचाव का कार्य चालू किया। विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था। जिससे तापमान इतना उच्च हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। सभी यात्रियों के शव को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जितने यात्रियों के परिजन पहुंच गए हैं उनका DNA लेने का काम भी 2-3 घंटे में पूरा हो जाएगा। जिनके परिजन विदेश में हैं उनको सूचित कर दिया गया है।'

अमित शाह के किया अस्पताल का दौरा


अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद केन्द्रीय गृह मंत्री अहमदाबाद के असारवा स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और जमीन स्तर पर आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया। मंत्री का यह दौरा इस दुखद दुर्घटना के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसमें 240 से अधिक लोगों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। अपने दौरे के दौरान, अमित शाह ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय और गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक भी की। इस बैठक का उद्देश्य बचाव, चिकित्सा प्रतिक्रिया और जांच प्रयासों में समन्वय स्थापित करना था।

शोक और त्वरित कार्रवाई का दिया था आश्वासन

इससे पहले दिन में, अमित शाह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा था कि वे 'अहमदाबाद में हुई दुखद विमान दुर्घटना से शब्दों से परे दुखी हैं।' अमित शाह ने कहा कि आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत घटनास्थल पर तैनात कर दिया गया था और उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी और अहमदाबाद पुलिस आयुक्त से बात कर स्थिति का जायजा लिया और जमीन पर आपातकालीन प्रयासों में समन्वय स्थापित किया।

उड़ान के एक मिनट के बाद नीचे गिर गया विमान

लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान एक मेडिकल कॉलेज के पास डॉक्टरों के हॉस्टल से टकरा गया। इस टक्कर से एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसमें यात्री, चालक दल के सदस्य और जमीन पर मौजूद कई लोग मारे गए। ताजा जानकारी के अनुसार अब तक 200 से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं और पीड़ितों की पहचान में मदद के लिए डीएनए टेस्टिंग जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।