Andhra Pradesh: डिवाइडर से टकराई EV, धू-धू कर जली कार, चार लोगों की जिंदा जलकर मौत

पुलिस अधिकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे लगे डिवाइडर या रेलिंग से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग कुछ ही समय में पूरी गाड़ी में फैल गई और अंदर बैठे चार लोग बाहर नहीं निकल सके। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज जारी है

अपडेटेड Oct 12, 2026 पर 11:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे लगे डिवाइडर या रेलिंग से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई

आंध्र प्रदेश के NTR जिले में विजयवाड़ा वेस्ट बाईपास पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। विजयवाड़ा वेस्ट बाईपास पर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी (EV) डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में तीन साल के बच्चे समेत चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग गुंटूर जिले के नंबुरु गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। ये एक्सीडेंट शाम करीब 6 बजे हुआ।

हादसे में 4 लोगों की हुई मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विजयवाड़ा के नुन्ना इलाके के रहने वाले 39 वर्षीय कोम्मारेड्डी रामदेव के रूप में हुई है। उनके साथ उनकी 65 वर्षीय मां कोम्मारेड्डी अरुणा और 30 वर्षीय बहन तिगुरु विजया की भी मौत हो गई। दोनों महिलाएं गुंटूर जिले के नंबुरु की रहने वाली थीं। हादसे में एक बच्चे की भी जान चली गई, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।


कुछ ही देर में फैल गई आग

हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को आग की तेज लपटों में घिरा देखा जा सकता है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे लगे डिवाइडर या रेलिंग से टकरा गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग कुछ ही समय में पूरी गाड़ी में फैल गई और अंदर बैठे चार लोग बाहर नहीं निकल सके। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।  हादसे में घायल हुए पांचवें व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कार में लगी आग बुझाई, जबकि पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा कैसे हुआ और टक्कर के बाद कार में आग किस वजह से लगी, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।