Ayodhya-Janakpur Train: अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक चलेगी सीधी ट्रेन, 23 नवंबर को PM मोदी-बालेंद्र शाह करेंगे उद्घाटन

Ayodhya-Janakpur Train: नेपाल और भारत सरकार प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की आगामी भारत यात्रा के दौरान अयोध्या और जनकपुर के बीच एक सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, शाह 22 नवंबर को भारत की यात्रा पर जाएंगे और अगले दिन इस सेवा का उद्घाटन होने की उम्मीद है

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 10:48 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Ayodhya-Janakpur Train: नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच साप्ताहिक रेल सेवा को मंजूरी मिल गई है

Ayodhya-Janakpur Train Service: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा रही है। भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि नेपाल स्थित जनकपुर धाम को सीधे रेल सेवा से जोड़ने की तैयारी है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 नवंबर को भारत दौरे पर आने वाले हैं। नेपाली अखबार 'काठमांडु पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, बालेंद्र शाह 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस विशेष ट्रेन सेवा का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

भारत और नेपाल के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दोनों देशों की सरकारें अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही हैं। यह रेल सेवा धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत करेगी। नेपाल के बुनियादी ढांचा विकास मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 नवंबर को भारत पहुंचेंगे। इसके अगले दिन यानी 23 नवंबर को अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा शुरू किए जाने की संभावना है। उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से कर सकते हैं।

604 किलोमीटर का होगा रेल सफर


रेलवे बोर्ड ने जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा को मंजूरी दे दी है। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक यह घोषणा नहीं की है कि इस ट्रेन का कमर्शियल ऑपरेशन्स कब शुरू होगा। यह रेल सेवा जनकपुर धाम को अयोध्या कैंट से जोड़ते हुए लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान बिहार तथा उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण कस्बों और शहरों से होकर गुजरेगी।

इन जिलों से होकर गुजरेगी ट्रेन

यह ट्रेन अपने फाइनल डेस्टिनेशन स्टेशनों के अलावा जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में कमर्शियल रूप से रुकेगी। यह रेल सेवा सप्ताह में एक बार संचालित होगी, जो शनिवार को जनकपुर धाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी। बोर्ड ने शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "यह सेवा रामायण परंपरा से गहराई से जुड़े दो प्रमुख स्थलों जनकपुर धाम (माता सीता का जन्म स्थान) और प्रभु श्री राम का जन्मस्थल अयोध्या के बीच एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क स्थापित करेगी।"

आधिकारिक बयान के अनुसार, "यह पहल दोनों देशों के यात्रियों को इन प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगी। साथ ही उनकी साझा सभ्यतागत विरासत को भी सुदृढ़ करेगी।" बोर्ड ने कहा कि इस नई सेवा से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों के लिए सीमा पार की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

भारत सरकार चलाएगी ट्रेन, नेपाल में भी बनाएगा रेलवे व्यवस्था

इस रेल सेवा की एक खास बात यह है कि नेपाल के पास फिलहाल अपनी ट्रेन नहीं है। ऐसे में अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा का संचालन भारत सरकार करेगी। नेपाल के बुनियादी ढांचा विकास मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, भारत ने पहले ही अनुदान सहायता के जरिए नेपाल में रेलवे का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। शुरुआती दौर में ट्रेन का संचालन और प्रबंधन भारत सरकार के जिम्मे रहेगा। नेपाल की ओर से इस दौरान भारत से एक और महत्वपूर्ण मांग की तैयारी है। नेपाल चाहता है कि भारतीय सहायता से उसके हिस्से के रेलवे ट्रैक का इलेक्ट्रिफिकेशन किया जाए। फिलहाल भारत के जयनगर तक इलेक्ट्रिक ट्रेनें चलती हैं। लेकिन नेपाल के हिस्से में अभी डीजल इंजन वाली ट्रेनें संचालित होती हैं।

अयोध्या और जनकपुर का क्या है धार्मिक महत्व?

अयोध्या और जनकपुर हिंदू धर्म के दो बेहद महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं:-

  • अयोध्या: भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में प्रसिद्ध है।
  • जनकपुर: माता सीता की जन्मभूमि और राजा जनक की नगरी के रूप में प्रसिद्ध है।
  • दोनों शहरों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने माने जाते हैं।
  • भारत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जनकपुर जाते हैं।
  • जबकि नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन करने पहुंचते हैं।
  • सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नेपाल में रेलवे विस्तार की भी तैयारी

नेपाल सरकार केवल अयोध्या-जनकपुर रेल सर्विस तक सीमित नहीं रहना चाहती। बल्कि भविष्य में अन्य भारतीय शहरों के साथ रेल संपर्क बढ़ाने की योजना भी बना रही है। फिलहाल, नेपाल में जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा के बीच करीब 52 किलोमीटर के रेलखंड पर यात्री ट्रेनें चलती हैं। जयनगर से बर्दीबास तक प्रस्तावित पूरी रेलवे लाइन की लंबाई 69 किलोमीटर है। इसमें अभी 17 किलोमीटर का निर्माण काम बाकी है। इस हिस्से में जमीन अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़ी प्रक्रिया चल रही है। भविष्य में इस रेल नेटवर्क को काठमांडू तक विस्तार करने का भी प्लान है।

ये भी पढ़ें- भारत-नेपाल की दोस्ती को मिलेगी रफ्तार! अयोध्या से जनकपुर धाम तक दौड़ेगी साप्ताहिक ट्रेन, मधुबनी से गोरखपुर तक ये होंगे स्टॉपेज

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।