IMD Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में फिर उठेंगी ऊंची लहरें! अंडमान में भारी बारिश, दिल्ली-UP में ठंड और कोहरे की दस्तक

IMD Weather Update: सर्दियों की शुरुआत के बीच बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मौसम बदलने लगा है। IMD के मुताबिक, 14 नवंबर को अंडमान-निकोबार में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, यह सिस्टम 15 नवंबर तक गहरे निम्न दबाव में बदल सकता है

अपडेटेड Nov 14, 2026 पर 8:00 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कैसा होगा आज का मौसम

IMD Weather Update:  दिवाली खत्म होने के बाद से देश के कई हिस्सों में हल्की-हल्की ठंड की शुरुआत हो गई है। सर्दियों की शुरुआत के बीच बंगाल की खाड़ी में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 14 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं शुक्रवार सुबह दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। ये सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके 15 नवंबर तक गहरे निम्न दबाव में बदलने की संभावना है, लेकिन इसके चक्रवात बनने का खतरा नहीं है। आइए जानते हैं कैसा होगा आज का मौसम

उठ सकती है ऊंची लहरें

मौसम विभाग के मुताबिक, आज 14 नवंबर को अंडमान और निकोबार के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की संभावना है। वहीं इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर जल्द ही उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। आईएमडी के मुताबिक, अंडमान सागर और उसके आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीपों के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके चलते आने वाले कुछ दिनों तक समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और तेज हवाएं चलने की संभावना है।


तेज रफ्तार से चलेंगी हवाएं

IMD ने बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 14 से 17 नवंबर तक 50-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी में 13 से 17 नवंबर के बीच 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्री जहाजों को सावधानी बरतने और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

इन राज्यों में होगी तेज बारिश

तमिलनाडु और केरल में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी अगले कुछ दिनों में और मजबूत होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, असम, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी दी है। इन इलाकों में तेज आंधी और बारिश होने की आशंका जताई गई है।

कैसा होगा दिल्ली-यूपी का मौसम

दिल्ली में 14 नवंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राजधानी में बारिश की संभावना जताई है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा और धुंध छाई रह सकती है। इसके अलावा, 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं यूपी के कई शहरों में सुबह और रात के समय कोहरा बढ़ सकता है और ठंड का असर भी महसूस होगा। इन इलाकों में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।