मौसम अपडेट: बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम तैयार, कश्मीर में बर्फबारी, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर को एक नया लो-प्रेशर एरिया बन रहा है, जो 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदल सकता है और दक्षिण भारत में बारिश लाएगा। वहीं पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कश्मीर और हिमाचल में गुरुवार-शुक्रवार को भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है, तापमान 6-8 डिग्री तक गिर सकता है। दिल्ली में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, सुबह धुंध रहेगी और AQI अभी भी Very Poor कैटेगरी में है, हालांकि हवा की गति बढ़ने से अगले 2 दिनों में थोड़ा सुधार हो सकता है। मछुआरों को 16 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 8:00 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

देश में मौसम एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। एक तरफ बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बन रहा है, तो दूसरी तरफ पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। सीएनबीसी टीवी18 की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को देश के कई हिस्सों में मौसम ज्यादा एक्टिव रहने वाला है।

बंगाल की खाड़ी में क्या बन रहा है?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 14 नवंबर तक वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया में बदल जाएगा। 15 नवंबर तक इसके डिप्रेशन बनने के आसार हैं।

इस सिस्टम की वजह से दक्षिण भारत में फिर से बारिश का दौर शुरू होगा।  इस रिपोर्ट में बताया गया है कि 15 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में व्यापक बारिश हो सकती है। मछुआरों को 16 नवंबर तक अंडमान सागर और 13 नवंबर से दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी गई है।


कश्मीर में पहली बड़ी बर्फबारी की तैयारी

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गुरुवार और शुक्रवार को तेज बारिश और बर्फबारी का दौर आएगा। IMD ने गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी की चेतावनी दी है। इसके साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने, तेज हवा और ओले गिरने की भी संभावना है।

श्रीनगर मौसम कार्यालय के अनुसार, गुलमर्ग और सोनमर्ग समेत ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है। बर्फबारी की वजह से ऊंचे पहाड़ी रास्तों पर ट्रैफिक भी प्रभावित हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश में भी 16 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। उत्तराखंड में 12-13 नवंबर को बारिश के आसार हैं।

दिल्ली में बारिश नहीं, प्रदूषण से राहत भी नहीं

दिल्ली वालों के लिए फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। गुरुवार को दिल्ली में सुबह हल्की धुंध या कोहरा रहेगा और बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

दिल्ली की हवा अभी भी 'वेरी पुअर' कैटेगरी में है। हालांकि एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक, अगले दो दिनों में हवा की गति अनुकूल होने से थोड़ा सुधार हो सकता है।

IMD प्रमुख ने भी साफ कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली में बारिश नहीं होगी। बिना बारिश के बादल छाने से प्रदूषण और बढ़ भी सकता है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी वाला सिस्टम अगर बांग्लादेश की तरफ बढ़ता है, तो उत्तर-पश्चिम भारत में तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे दिल्ली-एनसीआर की हवा को थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन अगर सिस्टम आंध्र प्रदेश की तरफ गया, तो दिल्ली को कोई फायदा नहीं होगा।

कश्मीर-हिमाचल जाने वाले यात्री मौसम अपडेट जरूर देखें पहाड़ी रास्तों पर सफर से पहले ,मछुआरे 16 नवंबर तक समुद्र में न जाएं, ट्रैफिक अलर्ट चेक करें ,दिल्ली में सुबह-शाम मास्क पहनें और बाहर कम निकलें।

एक तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी से सर्दी बढ़ेगी, तो दूसरी तरफ दक्षिण में बारिश का नया दौर शुरू होगा। दिल्ली को फिलहाल बारिश से राहत नहीं मिलेगी, हवा में थोड़ा सुधार ही उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।