बेंगलुरु से गोवा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) की पहली यात्रा में यात्रियों को खास खाना परोसा गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें यात्री खाने की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह रही कि खाने की क्वालिटी के साथ बचे हुए खाने को संभालने के तरीके ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
यह खाना दक्षिण भारत की मशहूर रेस्टोरेंट चेन 'अड्यार आनंद भवन' (A2B) ने तैयार किया था। मेन्यू में चावल, दही, पूरन पोली, सूखी सब्जी, पापड़ और पनीर की सब्जी शामिल थी। खाने के पैकेट पर पहली यात्रा की याद में खास टैग भी लगाया गया था।
एक व्लॉगर ने ट्रेन में मिले खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें उसने दूसरे यात्रियों से भी खाने का अनुभव पूछा। पास बैठे एक यात्री ने पनीर की सब्जी की तारीफ करते हुए कहा कि काफी समय बाद इतनी स्वादिष्ट सब्जी खाई है।
वहीं, व्लॉगर को चावल सबसे ज्यादा पसंद आए। उसने कहा कि इनका स्वाद बिल्कुल घर में बनने वाले दक्षिण भारतीय चावल जैसा था। उसने उम्मीद जताई कि रेलवे आगे भी खाने की क्वालिटी ऐसी ही बनाए रखेगा।
खाने की बर्बादी रोकने के ये खास इंतजाम
ट्रेन में खाने की बर्बादी रोकने के लिए भी एक खास तरीका अपनाया गया। खाने के बाद बचा हुआ खाना अलग इकट्ठा किया जा रहा था। वहीं, जो खाना इस्तेमाल नहीं हुआ था, उसे फेंकने के बजाय दूसरे कोच में जरूरतमंद यात्रियों को दिया जा रहा था।
इसके अलावा, पहली यात्रा में यात्रियों को यादगार तोहफे के तौर पर ट्रेन के नाम और यात्रा की तारीख वाला मग और कैप भी दी गई। यात्रियों ने इस पहल की भी तारीफ की।
इन 12 स्टेशनों पर रुकती है वंदे भारत
यह वंदे भारत एक्सप्रेस बेंगलुरु के यशवंतपुर से गोवा के मडगांव के बीच चलती है। रास्ते में यह 12 स्टेशनों पर रुकती है। इनमें हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, कुंडापुरा, मुरुदेश्वर, गोकर्ण रोड और कारवार जैसे स्टेशन शामिल हैं।
ट्रेन यशवंतपुर से सुबह 7:35 बजे चलती है और रात 8:55 बजे मडगांव पहुंचती है। इस सफर में करीब 13 घंटे 20 मिनट लगते हैं। ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलती है।