कैब ड्राइवर की खौफनाक साजिश, पत्नी के परिवार के 7 लोगों को उतारा मौत के घाट! पुलिस कर रही मामले की जांच

पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने पड़ोसियों और दोस्तों को बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ घूमने गई है। किसी को उस पर शक न हो, इसके लिए उसने पत्नी का मोबाइल फोन भी बंद कर दिया था, ताकि उसकी बताई हुई बात सच लगे

अपडेटेड Nov 06, 2026 पर 1:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जांच में सामने आया कि हत्याओं का सिलसिला 17 अक्टूबर से शुरू हुआ था

कर्नाटक के बेंगलुरु में एक शख्स को अपनी पत्नी के परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने राजाजीनगर के भाष्यम सर्कल के पास स्थित एक घर में पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद उसने सभी शवों को अपनी कार में रखा और चिक्काबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स समेत अलग-अलग इलाकों में फेंक दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी सबूत जुटाने में लगी है।

सात लोगों की हत्या की

इस घटना में जान गंवाने वालों में आरोपी की सास रूपावती, पत्नी सुनीता, साले शिवकुमार और शंकर, परिवार की बहू दिव्या और नलिनी के साथ सात साल का पोता पुनीत शामिल हैं। आरोपी इंदु शेखर पेशे से कैब ड्राइवर है। उसकी शादी करीब 20 साल पहले सुनीता से हुई थी। बताया जा रहा कि वह अपनी पत्नी के परिवार से मिलने-जुलने को लेकर नाराज रहता था। उसे लगता था कि पत्नी के परिवार वाले उनकी निजी जिंदगी और शादीशुदा रिश्ते में दखल दे रहे हैं। पुलिस को शक है कि इसी बात को लेकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।


पार्टी के बहाने बुलाया घर

जांच में सामने आया कि हत्याओं का सिलसिला 17 अक्टूबर से शुरू हुआ था।पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, इंदुशेखर ने सबसे पहले अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद उसने अपने दोनों सालों और उनके परिवारों को पार्टी के बहाने घर बुलाया। आरोप है कि वहां उसने दोनों भाइयों, उनकी पत्नियों, अपनी सास और शंकर के छोटे बेटे को भी मार डाला। पुलिस को शक है कि इस वारदात में उसने पत्थर के भारी औजार का इस्तेमाल किया। हत्या के बाद आरोपी ने सभी शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। जांचकर्ताओं को यह भी संदेह है कि उसने घर में लगे खून के निशान मिटाने और सबूत छिपाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया।

कैसे हुआ मामले का खुलासा

बताया जा रहा कि पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने पड़ोसियों और दोस्तों को बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ घूमने गई है। किसी को उस पर शक न हो, इसके लिए उसने पत्नी का मोबाइल फोन भी बंद कर दिया था, ताकि उसकी बताई हुई बात सच लगे। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब दिव्या और नलिनी की मां ने 3 नवंबर को श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में दोनों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इंदु शेखर से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस को हत्याओं से जुड़ी पूरी जानकारी मिली।

हत्या की घटनाएं राजाजीनगर इलाके में हुई थीं, इसलिए पुलिस ने मामले और आरोपी को वहां की पुलिस के हवाले कर दिया। जांच के लिए पुलिस ने तीन टीमें बनाई हैं। आरोपी को चिक्कबल्लापुर भी ले जाया गया, जहां उसने कथित तौर पर शवों को फेंका था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। नंदी हिल्स की तलहटी के पास पुलिस ने करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें शंकर के सात साल के बेटे का शव बरामद हुआ

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।