BEST Polls Result 2025: पहली परीक्षा में ही फेल हुए ठाकरे ब्रदर्स, बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में नहीं खुला खाता

BEST Credit Society Polls Results 2025: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) का पैनल बेस्ट एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव में सभी 21 सीटों पर हार गया। इस चुनाव के लिए उद्धव और राज ठाकरे की अगुवाई वाली दोनों पार्टियों के साथ आने के बाद से उनके बीच पूरे महाराष्ट्र में गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है

अपडेटेड Aug 20, 2025 पर 3:16 PM
BEST Credit Society Polls Results 2025: शिवसेना (UBT)-मनसे बेस्ट एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव में सभी 21 सीटों पर हार गया

BEST Credit Society Polls Results 2025: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को बेस्ट कर्मचारी सहकारी क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। दोनों पार्टियों का संयुक्त पैनल चुनाव में एक भी पद नहीं जीत पाया। शिवसेना (UBT)-महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) का पैनल बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) से जुड़े कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव में सभी 21 सीटों पर हार गया।

इस चुनाव के लिए दोनों पार्टियों के साथ आने के बाद से उनके बीच पूरे महाराष्ट्र में गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है। बेस्ट कामगार सेना (शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे से संबद्ध) के अध्यक्ष सुहास सामंत ने बुधवार को पीटीआई से कहा, "सभी 21 उम्मीदवारों की हार आश्चर्यजनक है।" मनसे और शिवसेना (UBT) यह चुनाव लड़ने के लिए साथ आए थे, जिसे दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन के रूप में देखा जा रहा है। इन दोनों दलों के प्रमुख क्रमशः चचेरे भाई राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे हैं।

मुंबई महानगरपालिका के उपक्रम बेस्ट के कर्मचारियों से जुड़ी हाई-प्रोफाइल कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हुआ। मतगणना मंगलवार को शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। शशांक राव के प्रतिद्वंद्वी पैनल ने सबसे ज्यादा 14 सीटें जीतीं। सामंत ने दावा किया, "इस चुनाव में धन का बोलबाला रहा।"


बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी का चुनाव लड़ने के लिए शिवसेना और मनसे ने 'उत्कर्ष' नाम का एक पैनल गठित किया था। इस पैनल में 21 सदस्य थे, जिनमें से शिवसेना (UBT) से 18, मनसे से दो और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संघ से एक सदस्य थे। मनसे नेता संदीप देशपांडे ने सोमवार को आरोप लगाया कि बेस्ट क्रेडिट सोसायटी में मतदाताओं को लुभाने के लिए धन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

यह चुनाव राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए शिवसेना (UBT) और मनसे के बीच संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच हुआ है, जिसमें बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) का चुनाव भी शामिल है। शिवसेना और मनसे के नेताओं ने कहा था कि बेस्ट में मनसे के पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है। लेकिन यह चुनाव दोनों पार्टियों को राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले एक साथ आने का मौका देगा।

उन्होंने कहा कि इससे लोगों को दोनों दलों की एकता का राजनीतिक संदेश भी मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधान परिषद सदस्य (MLC) प्रसाद लाड ने सहकारी ऋण समिति चुनावों के लिए 'सहकार समृद्धि'' पैनल की घोषणा की थी। एक अधिकारी ने पहले बताया था कि चुनाव मैदान में पांच पैनल हैं, जिनमें से एक यूनियन नेता शशांक राव का है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से संबद्ध एक यूनियन भी है।

बेस्ट एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड में इस निकाय के मौजूदा और पूर्व कर्मचारी सदस्य हैं, जो निर्वाचक मंडल का गठन करते हैं। इस क्रेडिट सोसाइटी के 15,000 से ज़्यादा सदस्य हैं और वर्षों से इस पर बेस्ट कामगार सेना का दबदबा रहा है, जो उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) से संबद्ध है।

Mumbai Rains Today LIVE

'ठाकरे ब्रांड शून्य साबित हुआ है'

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को कहा कि बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) से जुड़े कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी चुनाव में शिवसेना (UBT)-MNS पैनल की हार ने ठाकरे भाइयों को उनकी जगह दिखा दी और इससे यह पुष्टि हुई कि जनता के बीच BJP की स्थिति क्या है। BJP ने शिवसेना (UBT)-महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) समर्थित 'उत्कर्ष' पैनल के 21 सदस्यीय पैनल में एक भी सीट न जीतने का जिक्र करते हुए कहा कि 'ठाकरे ब्रांड' शून्य साबित हुआ है।

शशांक राव के प्रतिद्वंद्वी पैनल ने सबसे ज्यादा 14 सीटें जीतीं। राव ने कहा कि यह बेस्ट कर्मचारियों की जीत है, जिन्होंने शिवसेना (उबाठा) के नेतृत्व वाले समूह को उनकी मजदूर-विरोधी नीतियों के कारण नकार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बीजेपी की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार ने हमेशा बेस्ट कर्मचारियों का समर्थन किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।