Get App

BEST Polls Result 2025: पहली परीक्षा में ही फेल हुए ठाकरे ब्रदर्स, बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में नहीं खुला खाता

BEST Credit Society Polls Results 2025: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) का पैनल बेस्ट एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव में सभी 21 सीटों पर हार गया। इस चुनाव के लिए उद्धव और राज ठाकरे की अगुवाई वाली दोनों पार्टियों के साथ आने के बाद से उनके बीच पूरे महाराष्ट्र में गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Aug 20, 2025 पर 3:16 PM
BEST Polls Result 2025: पहली परीक्षा में ही फेल हुए ठाकरे ब्रदर्स, बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में नहीं खुला खाता
BEST Credit Society Polls Results 2025: शिवसेना (UBT)-मनसे बेस्ट एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव में सभी 21 सीटों पर हार गया

BEST Credit Society Polls Results 2025: उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को बेस्ट कर्मचारी सहकारी क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। दोनों पार्टियों का संयुक्त पैनल चुनाव में एक भी पद नहीं जीत पाया। शिवसेना (UBT)-महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) का पैनल बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) से जुड़े कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव में सभी 21 सीटों पर हार गया।

इस चुनाव के लिए दोनों पार्टियों के साथ आने के बाद से उनके बीच पूरे महाराष्ट्र में गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है। बेस्ट कामगार सेना (शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे से संबद्ध) के अध्यक्ष सुहास सामंत ने बुधवार को पीटीआई से कहा, "सभी 21 उम्मीदवारों की हार आश्चर्यजनक है।" मनसे और शिवसेना (UBT) यह चुनाव लड़ने के लिए साथ आए थे, जिसे दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन के रूप में देखा जा रहा है। इन दोनों दलों के प्रमुख क्रमशः चचेरे भाई राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे हैं।

मुंबई महानगरपालिका के उपक्रम बेस्ट के कर्मचारियों से जुड़ी हाई-प्रोफाइल कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हुआ। मतगणना मंगलवार को शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। शशांक राव के प्रतिद्वंद्वी पैनल ने सबसे ज्यादा 14 सीटें जीतीं। सामंत ने दावा किया, "इस चुनाव में धन का बोलबाला रहा।"

बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी का चुनाव लड़ने के लिए शिवसेना और मनसे ने 'उत्कर्ष' नाम का एक पैनल गठित किया था। इस पैनल में 21 सदस्य थे, जिनमें से शिवसेना (UBT) से 18, मनसे से दो और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संघ से एक सदस्य थे। मनसे नेता संदीप देशपांडे ने सोमवार को आरोप लगाया कि बेस्ट क्रेडिट सोसायटी में मतदाताओं को लुभाने के लिए धन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें