IRCTC Scam: बिहार चुनाव से पहले RJD को बड़ा झटका, IRCTC घोटाला और लैंड-फॉर-जॉब्स केस में लालू परिवार पर आरोप तय!

Lalu Yadav: यह केस रांची और पुरी में दो IRCTC होटलों के टेंडर आवंटन में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित है। रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट ने आरोपियों की कथित भूमिका के अनुसार, उनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में आरोप तय किए हैं

अपडेटेड Oct 13, 2025 पर 12:12 PM
चुनाव के मुहाने पर RJD के शीर्ष नेतृत्व पर इन गंभीर भ्रष्टाचार के मामलों में आरोप तय होना पार्टी के चुनावी प्रचार और छवि के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है

IRCTC Scam: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और उसके प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने सोमवार को लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, RJD नेता तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ IRCTC होटल भ्रष्टाचार मामले में आरोप तय कर दिए हैं।

धोखाधड़ी और साजिश का आरोप


यह मामला राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के राजनीतिक भविष्य के लिए गंभीर चुनौतियां खड़ी करता है, खासकर जब तेजस्वी राघोपुर से चुनाव की हैट्रिक लगाने की तैयारी में हैं। आपको बता दें कि यह केस रांची और पुरी में दो IRCTC होटलों के टेंडर आवंटन में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित है। ANI के अनुसार, कोर्ट ने आरोपियों की कथित भूमिका के अनुसार, उनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में आरोप तय किए हैं। राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120B (आपराधिक साजिश) के तहत आरोप तय किए गए हैं। दोनों ने अदालत से कहा है कि वे इन आरोपों के तहत मुकदमे का सामना करेंगे।

लैंड-फॉर-जॉब्स केस में भी आरोप तय!

कोर्ट ने IRCTC मामले के साथ ही नौकरी के बदले जमीन (Lands-for-jobs) भ्रष्टाचार मामले में भी आरोप तय करने की संभावना है। यह मामला 2004 से 2009 के बीच लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए रेलवे के पश्चिम मध्य क्षेत्र (जबलपुर, मध्य प्रदेश) में ग्रुप डी की गई नियुक्तियों से संबंधित है। आरोप है कि इन नियुक्तियों के बदले, नौकरी पाने वालों ने अपनी जमीनें लालू यादव के परिवार या उनके सहयोगियों के नाम पर उपहार में दीं या हस्तांतरित कर दीं।

यह मामला 18 मई, 2022 को लालू यादव उनकी पत्नी, दो बेटियों, कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज किया गया था। चुनाव के मुहाने पर RJD के शीर्ष नेतृत्व पर इन गंभीर भ्रष्टाचार के मामलों में आरोप तय होना पार्टी के चुनावी प्रचार और छवि के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।