बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा, गंगा नदी में नाव पलटने से 11 लोगों की मौत

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। राघोपुर स्थित रामपुर में करीब 20 युवकों और बच्चों से भरी नाव नदी में पलट गई। इस दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं

अपडेटेड Oct 13, 2026 पर 11:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया

बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार को गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। 15 से 20 लोगों को लेकर जा रही एक नाव अचानक पलट गई, जिससे महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

11 लोगों को हुई मौत

बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने की घटना राघोपुर दियारा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुई। बताया जा रहा कि नाव में सवार लोग पास के गांव में आयोजित दावत में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। वैशाली के जिलाधिकारी ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। शुरुआत में मृतकों की संख्या पांच से आठ बताई जा रही थी, लेकिन बाद में यह आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया।


लोगों को भेजा गया अस्पताल

शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाव पर सवार लोग नदी पार कर रहे थे, तभी नाव अचानक पलट गई और सभी पानी में गिर गए। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को इलाज के लिए एनएमसीएच अस्पताल ले जाया जा रहा है।

हादसे के बाद उठे सवाल

हादसे के बाद गंगा नदी में नावों के संचालन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि नदी में पानी बढ़ने के कारण प्रशासन ने निजी नावों के चलने पर रोक लगा रखी थी, लेकिन इसके बावजूद लोगों को नदी पार कराने के लिए नावों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद नावों को चलने से रोकने के लिए निगरानी क्यों नहीं की गई। फिलहाल, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान और बचाव अभियान से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।